मूसलाधार बारिश के कारण पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री को सड़क मार्ग से मुर्शिदाबाद जाना पड़ा
मूसलाधार बारिश के कारण पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री को सड़क मार्ग से मुर्शिदाबाद जाना पड़ा
कोलकाता, 10 जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को सड़क मार्ग से मुर्शिदाबाद का दौरा किया। मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी पहली यात्रा थी। लगातार हो रही बारिश के कारण उन्हें अपनी निर्धारित हवाई यात्रा रद्द करनी पड़ी। यह जानकारी एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी।
भारी मानसूनी बारिश ने पश्चिम बंगाल के बड़े हिस्से को प्रभावित किया है। राज्य के उत्तरी क्षेत्र में स्थित कूचबिहार में शुक्रवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान सर्वाधिक 143 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण मुख्यमंत्री की यात्रा की योजना में बदलाव किया गया और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के बाद सड़क मार्ग से यात्रा को मंजूरी दी गई।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने मुख्यमंत्री की हवाई यात्रा की योजना बनाई थी। लेकिन लगातार बारिश और मौजूदा मौसम की परिस्थितियों के कारण उड़ान भरना संभव नहीं था।’’
उन्होंने बताया कि स्थिति की समीक्षा करने के बाद यह निर्णय किया गया कि वह सड़क मार्ग से जाएंगे। इसके अनुरूप सभी आवश्यक सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं कर दी गईं।’’
मुख्यमंत्री का बहरामपुर के एक होटल में अपनी पार्टी की संगठनात्मक बैठक में शामिल होने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह वहां स्थित रवींद्र सदन में एक प्रशासनिक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
दिन में बाद में उनका रेजीनगर में पार्टी की एक जनसभा को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है।
रेजीनगर का यह कार्यक्रम राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि यह आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के संस्थापक हुमायूं कबीर का गढ़ है। हाल ही में कथित तौर पर उनकी आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियों को लेकर वे विवादों में घिर गए थे।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कबीर पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया था कि नौदा के विधायक मतदाताओं का ध्रुवीकरण करने के उद्देश्य से भड़काऊ बयान दे रहे हैं।
उनका यह भी आरोप था कि ऐसा उस उपचुनाव को ध्यान में रखकर किया जा रहा है, जिसमें रेजीनगर सीट खाली करने के बाद एजेयूपी नेता के बेटे के चुनाव लड़ने की संभावना है।
मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कबीर ने बाद में स्पष्ट किया कि उनकी टिप्पणियां सरकार के खिलाफ नहीं थीं, बल्कि उन लोगों के खिलाफ थीं जो विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद मुर्शिदाबाद में भाजपा नेता बन गए और उन्हें धमकियां दे रहे थे।
मुख्यमंत्री ने सदन को बताया था कि कबीर के खिलाफ शक्तिपुर और रेजीनगर थानों में दो आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद विधायक की संभावित गिरफ्तारी को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया।
अधिकारी ने यह भी घोषणा की थी कि वह एक सप्ताह के भीतर मुर्शिदाबाद का दौरा करेंगे।
भाषा रंजन नरेश
नरेश

Facebook


