झारखंड : मोटरसाइकिल-डंपर की टक्कर में सीआरपीएफ जवान की मौत

झारखंड : मोटरसाइकिल-डंपर की टक्कर में सीआरपीएफ जवान की मौत

झारखंड : मोटरसाइकिल-डंपर की टक्कर में सीआरपीएफ जवान की मौत
Modified Date: July 10, 2026 / 01:51 pm IST
Published Date: July 10, 2026 1:51 pm IST

चतरा, 10 जुलाई (भाषा) झारखंड के चतरा जिले में तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आने से 28 वर्षीय सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान लक्ष्मण कुमार यादव के रूप में हुई है, जो लावालौंग थाना क्षेत्र के बिराजपुर गांव के निवासी थे।

उन्होंने बताया कि लक्ष्मण कुमार यादव जम्मू-कश्मीर में तैनात थे और एक महीने की छुट्टी पर सात दिन पहले ही अपने घर आए थे।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा बृहस्पतिवार शाम सिमरिया-चतरा रोड पर हुआ, जब यादव सिमरिया से अपने घर लौट रहे थे। डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को सामने से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

उन्होंने बताया कि उन्हें पहले सिमरिया रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें हजारीबाग रेफर कर दिया। हजारीबाग से रांची स्थित रिम्स ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।

सिमरिया थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया, ‘पीड़ित की मौत के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों और परिजनों ने सड़क जाम कर दिया, जो पिछले 18 घंटे से जारी है। वे पीड़ित के परिवार के लिए 25 लाख रुपये मुआवजे की मांग कर रहे हैं।’

सिमरिया के अंचल अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि चतरा के उपायुक्त ने मामले का संज्ञान लिया है और पीड़ित के शव को पोस्टमार्टम जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

उन्होंने बताया कि परिवार के सदस्यों को समझाने-बुझाने और जाम हटवाने के लिए उनसे बातचीत की जा रही है।

भाषा तान्या नरेश

नरेश


लेखक के बारे में