महिला ने पीछा करने वाले व्यक्ति को चप्पल से पीटा, ग्रामीणों ने उसका सिर मुंडवाकर गांव में घुमाया

Ads

महिला ने पीछा करने वाले व्यक्ति को चप्पल से पीटा, ग्रामीणों ने उसका सिर मुंडवाकर गांव में घुमाया

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 05:42 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 05:42 PM IST

अरिकेरा (आंध्र प्रदेश), सात मई (भाषा) आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में एक महिला ने उसका पीछा कर वाले एक व्यक्ति की सार्वजनिक स्थल पर चप्पल से पिटाई कर दी, जिसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने भी उस व्यक्ति के साथ कथित तौर पर मारपीट की और उसे अपमानित किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी बार-बार महिला का यौन उत्पीड़न कर रहा था।

पुलिस के अनुसार, महिला कुरनूल जिले के अरिकेरा गांव में अपने माता-पिता से मिलने आई थी। उसने कहा कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से 32 वर्षीय महिला का पीछा कर रहा था और उस पर अवांछित यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहा था।

उसने बताया कि मंगलवार अपराह्न जब आरोपी ने महिला को जबरदस्ती स्पर्श करने की कोशिश की तो उसने आरोपी की चप्पल से पिटाई की।

पट्टिकोंडा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) बी वेंकट रामैया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘आरोपी महिला का पीछा कर रहा था, वह जहां भी जाती थी उसका पीछा करता था और उसके साथ अनुचित व्यवहार भी करता था।’

उन्होंने बताया कि मंगलवार की घटना के बाद क्रोधित ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसके सिर के कुछ बाल मुंडवा दिए और चप्पलों की माला पहनाकर उसे पूरे गांव में घुमाया।

डीएसपी ने कहा कि कानून को अपने हाथ में लेना भी अपराध है। उन्होंने कहा कि दोनों परिवार फिलहाल इस मामले पर समझौता करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया मंचों पर कई बार पोस्ट किया गया है।

इस बीच, पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।

अधिकारी ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है।

भाषा प्रचेता माधव

माधव