‘ऑपरेशन सिंदूर’ में दुनिया ने भारत की रक्षा क्षमता देखी: हिमंत

Ads

‘ऑपरेशन सिंदूर’ में दुनिया ने भारत की रक्षा क्षमता देखी: हिमंत

  •  
  • Publish Date - May 7, 2026 / 05:29 PM IST,
    Updated On - May 7, 2026 / 05:29 PM IST

गुवाहाटी, सात मई (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान दुनिया ने भारत की ‘‘आक्रमण और रक्षा क्षमताओं’’ को देखा।

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर उन्होंने कहा कि भारत हर आतंकवादी और उसके समर्थकों की ‘‘पहचान करेगा, उन पर नजर रखेगा तथा उन्हें दंडित करेगा’’।

शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह उन कुख्यात तत्वों के लिए स्पष्ट संदेश था जिन्होंने मां भारती पर आंखें उठाने की हिम्मत की, क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उन्हें जल्द ही भारतीय सेना का प्रकोप देखने को मिला।’’

उन्होंने कहा कि अत्यंत सटीक और शक्तिशाली तरीके से आतंकवादियों तथा उनके समर्थकों का सफाया कर दिया गया।

शर्मा ने कहा, ‘‘इस बदलते परिदृश्य में दुनिया ने भारत की आक्रमण और रक्षा क्षमताओं को भी देखा। ऑपरेशन सिंदूर उन सभी भारत-विरोधी तत्वों के लिए एक संदेश था – भारत के खिलाफ कोई कृत्य करने की हिम्मत मत करो, अन्यथा तुम धरती से मिटा दिए जाओगे।’’

पिछले साल 22 अप्रैल को हुए भीषण आतंकी हमले के बाद सात मई को शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान और इसके कब्जे वाले कश्मीर स्थित आतंकी ठिकानों को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया गया था।

पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे और ऑपरेशन सिंदूर 10 मई तक चला था।

भाषा नेत्रपाल मनीषा

मनीषा