देश में विमान, हेलीकॉप्टर के 25,001 पायलट हैं : सरकार
देश में विमान, हेलीकॉप्टर के 25,001 पायलट हैं : सरकार
नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) सरकार ने बृहस्पतिवार को लोकसभा को बताया कि देश में विभिन्न श्रेणियों के लाइसेंस रखने वाले 65 वर्ष से कम आयु के पायलट की कुल संख्या 25,001 है, जिनमें 10,261 ‘एयरलाइंस ट्रांसपोर्ट लाइसेंस’ (एपीटीएल) धारक शामिल हैं।
नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने एक लिखित प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कि 65 वर्ष से कम आयु के और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा जारी विभिन्न श्रेणियों के लाइसेंस रखने वाले पायलट की संख्या 25,001 है।
आंकड़ों के अनुसार, इनमें से 10,051 पायलट ‘एयरलाइंस ट्रांसपोर्ट लाइसेंस’ धारक विमानों के और 210 हेलीकॉप्टर के हैं। वहीं, केवल हवाई जहाज और केवल हेलीकॉप्टर परिचालन के लाइसेंस धारक पायलट की संख्या क्रमशः 12,480 और 777 है।
इसके अलावा, आंकड़ों से पता चला कि 1,477 पायलट के पास निजी पायलट लाइसेंस (विमान) और छह पायलट के पास हेलीकॉप्टर परिचालन के लिए निजी पायलट लाइसेंस है।
मंत्री ने यह भी बताया कि डीजीसीए वाणिज्यिक पायलट लाइसेंस या ‘एयरलाइन ट्रांसपोर्ट पायलट लाइसेंस’ धारक पायलट की बेरोजगारी का विवरण नहीं रखता है।
भाषा
सुभाष सुरेश
सुरेश

Facebook


