केरल में दिमागी बुखार से एक व्यक्ति की मौत
केरल में दिमागी बुखार से एक व्यक्ति की मौत
कोझिकोड (केरल), 27 जुलाई (भाषा) कोझिकोड के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दिमागी बुखार (अमीबिक मेनिन्गोएन्सेफलाइटिस) का इलाज करा रहे 49 वर्षीय व्यक्ति की सोमवार को मौत हो गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान कोहिलैंडी के नादेरी निवासी बीजू के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो रिक्शा चालक थे।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, बीजू में 23 जुलाई को दिमागी बुखार की पुष्टि हुई थी।
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को बीजू की हालत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाने के प्रयास जारी हैं कि वह इस संक्रमण की चपेट में कैसे आए।
अमीबिक मेनिंगोएन्सेफलाइटिस, केन्द्रीय तंत्रिका तंत्र का एक दुर्लभ लेकिन बहुत जानलेवा संक्रमण है, जो अमीबा के कारण होता है।
यह संक्रमण आमतौर पर दूषित मीठे पानी के स्रोतों, जैसे कि झीलों, नदियों और धाराओं के संपर्क में आने से होता है।
केरल के स्वास्थ्य सेवा निदेशालय (डीएचएस) के आंकड़ों के अनुसार राज्य में 25 जुलाई तक दिमागी बुखार के 154 मामले सामने आ चुके थे, जिनमें 40 लोगों की मौत हो चुकी है।
बीजू की मौत के साथ ही यह आंकड़ा बढ़कर 41 हो गया है। अकेले इस माह में ही इसके 13 मामले दर्ज किए गए हैं।
भाषा खारी शोभना
शोभना

Facebook


