2025 में हिंदू, मुस्लिम और ईसाई समुदाय से जुड़ी उपद्रव की 122 घटनाएं हुईं: ओडिशा सरकार
2025 में हिंदू, मुस्लिम और ईसाई समुदाय से जुड़ी उपद्रव की 122 घटनाएं हुईं: ओडिशा सरकार
भुवनेश्वर, 25 मार्च (भाषा) ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में 2025 के दौरान हिंदुओं, मुस्लिमों और ईसाइयों से जुड़ी उपद्रव की कुल 122 घटनाएं दर्ज की गईं। यह जानकारी राज्य विधानसभा में बुधवार को पेश किये गए एक श्वेतपत्र से मिली।
गृह विभाग ने बताया कि इस अवधि के दौरान हिंदू-मुस्लिम से जुड़ी उपद्रव की 106 और हिंदू-ईसाई से जुड़ी 16 घटनाएं हुईं, जिनमें 165 आपराधिक मामले दर्ज किए गए।
इसके अलावा, दस्तावेज से पता चला कि 2025 में ओडिशा के विभिन्न पुलिस थानों में दंगों को लेकर 1,095 मामले दर्ज किए गए थे।
पुलिस ने 498 दंगा मामलों में आरोपपत्र दाखिल किया है, जबकि 548 अन्य ऐसे मामलों में आरोपपत्र दाखिल किया जाना बाकी है, जिनकी जांच जारी है।
इसमें कहा गया है, ‘‘पिछले दशहरे के दौरान कटक शहर में भड़के सांप्रदायिक तनाव को समन्वित खुफिया जानकारी और पुलिस तैनाती के जरिए सफलतापूर्वक नियंत्रित कर लिया गया।’’
श्वेतपत्र के अनुसार, पिछले वर्ष पुरी में रथयात्रा के दौरान भारी भीड़ के कारण गुंडिचा मंदिर के पास भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी, लेकिन राज्य सरकार और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया।
इसमें कहा गया है कि ओडिशा में सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए सरकार ने एक ‘‘राज्य स्तरीय सांप्रदायिक समन्वय समिति’’ का गठन किया है।
गृह विभाग ने रिपोर्ट में कहा कि यह समिति समय-समय पर स्थिति की समीक्षा करती है और उचित कदम उठाती है।
इसमें कहा गया है, इसके अलावा, ‘‘सांप्रदायिक हिंसा को नियंत्रित करने और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए विस्तृत दिशानिर्देशों वाली एक नियमावली उन सभी अधिकारियों को जारी की गई है जो कानून व्यवस्था बनाए रखने में लगे हुए हैं।’’
राज्य सरकार ने यह भी दावा किया कि 2025 के दौरान वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) की समग्र स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखा गया।
सरकार ने कहा कि कंधमाल, बौध, कालाहांडी, रायगढ़ा, नुआपड़ा, बोलांगीर, मलकानगिरि और कोरापुट सहित नौ पुलिस जिलों में ‘माओवादी गतिविधियों की मामूली घटनाएं’ देखी गईं।
भाषा अमित नरेश
नरेश

Facebook


