विज्ञापन बोर्ड लगाने पर तिरुवनंतपुरम नगर निगम ने केरल पुलिस पर लगाया जुर्माना

विज्ञापन बोर्ड लगाने पर तिरुवनंतपुरम नगर निगम ने केरल पुलिस पर लगाया जुर्माना

विज्ञापन बोर्ड लगाने पर तिरुवनंतपुरम नगर निगम ने केरल पुलिस पर लगाया जुर्माना
Modified Date: September 28, 2026 / 12:05 pm IST
Published Date: September 28, 2026 12:05 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 28 सितंबर (भाषा) तिरुवनंतपुरम नगर निगम ने शहर में खेल आयोजन के तहत कथित तौर पर विज्ञापन बोर्ड लगाने को लेकर केरल पुलिस पर जुर्माना लगाया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, तिरुवनंतपुरम नगर निगम के सचिव ने 15 सितंबर को राज्य पुलिस प्रमुख पर सार्वजनिक स्थानों पर विज्ञापन बोर्ड लगाने के आरोप में 15,030 रुपये का जुर्माना लगाया था।

ये विज्ञापन बोर्ड कथित तौर पर कुछ सप्ताह पहले शहर में आयोजित पुलिस खेल कार्यक्रम के तहत लगाए गए थे।

अधिकारियों ने बताया कि केरल उच्च न्यायालय के निर्देश के तहत यह जुर्माना लगाया गया है। अदालत ने पुलिस और स्थानीय निकायों को सार्वजनिक स्थानों से विज्ञापन बोर्ड हटाने का तथा उन्हें लगाने वालों पर जुर्माना लगाने का निर्देश दिया था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि राज्य पुलिस प्रमुख ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम की ओर से जारी जुर्माना नोटिस कार्यक्रम के आयोजकों को भेज दिया है और उन्हें आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है।

तिरुवनंतपुरम नगर निगम ने इस साल जनवरी में राज्य की राजधानी में स्थानीय निकाय चुनाव में जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे से पहले कथित तौर पर विज्ञापन बोर्ड लगाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर 19.7 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था।

भाषा मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में