अहमदाबाद में रक्तचाप की नकली दवा बनाने और बेचने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

Ads

अहमदाबाद में रक्तचाप की नकली दवा बनाने और बेचने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 08:19 PM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 08:19 PM IST

अहमदाबाद, 27 अगस्त (भाषा) अहमदाबाद शहर अपराध शाखा और खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन (एफडीसीए) ने रक्तचाप की नकली दवा बनाने और उसकी आपूर्ति करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

‘निकार्डिया रिटार्ड 10’ (निफेडिपाइन सस्टेन्ड रिलीज टैबलेट्स आईपी 10 मिलीग्राम) बनाने वाली अंकलेश्वर की एक दवा कंपनी ने एफडीसीए आयुक्त को पत्र लिखकर बाजार में इस दवा की नकली गोलियां बेचे जाने की शिकायत की थी।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच के लिए अपराध शाखा और एफडीसीए की अलग-अलग टीम गठित की गईं। इन टीमों ने अहमदाबाद और लखनऊ से तीन लोगों को नकली दवा खरीदने और उसकी आपूर्ति करने के आरोप में गिरफ्तार किया।

जांच के दौरान अधिकारियों ने नकली दवा की आपूर्ति का पता अहमदाबाद और गुजरात के अन्य हिस्सों में स्थित कई दवा दुकानों तक लगाया।

जांच में सामने आया कि नकली दवा की आपूर्ति अहमदाबाद के पालडी स्थित ‘पार्श्व मेडिकल एजेंसी’ के जरिये की गई थी। पार्श्व मेडिकल एजेंसी ने कथित तौर पर यह दवा लखनऊ स्थित ‘सेना मेडिकल’ से प्राप्त की थी।

जांच में राजस्थान के जयपुर से भी इस गिरोह के तार जुड़े होने का पता चला।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहमदाबाद निवासी दशिल सांघवी (39) तथा लखनऊ निवासी देवेंद्र यादव (39) और उमंग रस्तोगी (34) के रूप में हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि अहमदाबाद के ‘डिटेक्शन ऑफ क्राइम ब्रांच’ थाने में मामला दर्ज किया गया है और मामले में और गिरफ्तारियां होने का अनुमान है।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश