रांची में किशोरी से बलात्कार के आरोप में तीन व्यक्ति गिरफ्तार

रांची में किशोरी से बलात्कार के आरोप में तीन व्यक्ति गिरफ्तार

रांची में किशोरी से बलात्कार के आरोप में तीन व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: July 2, 2023 / 10:17 am IST
Published Date: July 2, 2023 10:17 am IST

रांची, दो जुलाई (भाषा) झारखंड की राजधानी रांची में एक किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को बताया कि यह घटना 29 जून को हुई जब 15 वर्षीय किशोरी अपनी एक रिश्तेदार के साथ धुर्वा इलाके में जगन्नाथ मेला गयी थी।

रांची के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) नौशाद आलम ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘उस दिन बारिश हो रही थी और पीड़िता के रिश्ते में लगने वाली एक बहन के परिचित ने उसे अपनी मोटरसाइकिल से घर छोड़ने की पेशकश की। इसके बाद वह उसे एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसने और तीन अन्य लोगों ने उससे दुष्कर्म किया।’’

पीड़िता ने शुक्रवार को पिठोरिया पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज करायी।

उन्होंने कहा, ‘‘तीन आरोपियों को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया जबकि चौथे की तलाश की जा रही है।’’

आलम ने बताया कि पीड़िता को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश करने के बाद उसकी चिकित्सा जांच करायी गयी।

भाषा गोला अमित

अमित


लेखक के बारे में