भारत ने संघर्षग्रस्त समुद्री क्षेत्रों में नौकरी स्वीकार करने से पहले सुरक्षा के आकलन का आग्रह किया

भारत ने संघर्षग्रस्त समुद्री क्षेत्रों में नौकरी स्वीकार करने से पहले सुरक्षा के आकलन का आग्रह किया

भारत ने संघर्षग्रस्त समुद्री क्षेत्रों में नौकरी स्वीकार करने से पहले सुरक्षा के आकलन का आग्रह किया
Modified Date: July 26, 2026 / 01:07 pm IST
Published Date: July 26, 2026 1:07 pm IST

नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) भारत ने रविवार को नागरिकों से आग्रह किया कि वे संघर्ष प्रभावित समुद्री क्षेत्रों, विशेष रूप से काला सागर क्षेत्र में नौकरियां स्वीकार करने से पहले वहां की सुरक्षा स्थिति का ध्यानपूर्वक आकलन करें।

विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक परामर्श में नयी दिल्ली ने काला सागर और उसके आसपास के समुद्री क्षेत्रों में सुरक्षा स्थिति पर चिंता व्यक्त की और कहा कि संघर्ष के कारण इन क्षेत्रों में हालात ‘‘अत्यंत अस्थिर’’ बने हुए हैं।

यह परामर्श काला सागर क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह में दो वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों में पांच भारतीयों की मौत के कुछ ही दिनों जारी किया गया है।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘संघर्ष प्रभावित क्षेत्र में संचालित या वहां से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों पर रोजगार के इच्छुक भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे ऐसी नौकरी स्वीकार करने से पहले मौजूदा सुरक्षा जोखिमों का सावधानीपूर्वक आकलन करें।’’

मंत्रालय ने कहा, ‘‘ इन जलक्षेत्रों में संचालित या गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों को मिसाइल और ड्रोन हमलों सहित महत्वपूर्ण सुरक्षा जोखिमों का सामना करना पड़ रहा है।’’

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘अप्रैल से वाणिज्यिक जहाजों पर इस तरह की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिसके परिणामस्वरूप पांच भारतीय नागरिकों को जान गंवानी पड़ी है।’’

भारत सरकार ने नौकरी चाहने वाले भारतीयों से अपील की कि वे ‘‘नियोक्ताओं/भर्ती एजेंसियों और पोत ऑपरेटर से जहाज के निर्धारित मार्ग, बंदरगाहों, सुरक्षा व्यवस्था, बीमा कवर और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रक्रियाओं के संबंध में व्यापक जानकारी प्राप्त करें।’’

इसके अलावा, नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने परिवार के सदस्यों को अपनी यात्रा की जानकारी दें और उनके साथ नियमित संपर्क बनाए रखें।

भाषा खारी शोभना

शोभना


लेखक के बारे में