नयी दिल्ली, सात मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने एक आभूषण कारोबारी के कर्मचारी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। कर्मचारी पर उत्तरी दिल्ली के चांदनी चौक में चांदी की खरीद के लिए मिले 54 लाख रुपये लेकर फरार होने का आरोप है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान रूपेश कुमार (24), सचिन उर्फ विकास (24) और पवन कुमार (21) के रूप में हुई है। सभी उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार के निवासी हैं।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) आदित्य गौतम ने कहा, ‘यह मामला छह फरवरी को दर्ज किया गया था जिसमें चांदनी चौक के एक आभूषण कारोबारी ने आरोप लगाया था कि उसका कर्मचारी रूपेश 54 लाख रुपये लेकर फरार हो गया है’
उन्होंने बताया कि रूपेश को यह पैसे पांच फरवरी को बाजार में देने के लिए कहा गया था।
पुलिस ने बताया कि उन्हें यह सूचना मिली थी कि इस चोरी में शामिल कुछ संदिग्ध चोरी के पैसे को बांटने के लिए उत्तर-पूर्वी दिल्ली में इकट्ठा होने वाले हैँ। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच मार्च को खजूरी खास फ्लाईओवर के पास जाल बिछाया और मौके से दो आरोपियों रूपेश और सचिन को पकड़ लिया।
आरोपियों के सहयोगी पवन को बाद में सोनिया विहार से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान रूपेश ने बताया कि वह आभूषण कारोबारी के लिए काम करता था और बाजार में भुगतान के संग्रह और वितरण का काम संभालता था।
आरोपी ने बताया कि उसने अपने नियोक्ता द्वारा किए जाने वाले भारी नकद लेनदेन को देखने के बाद अपने दोस्तों के साथ मिलकर पैसे लेकर फरार होने की योजना बनाई।
पुलिस ने कहा कि पांच फरवरी को जब उसे दूसरे व्यापारी से चांदी खरीदने के लिए 54 लाख रुपये दिए गए तो वह नकदी लेकर फरार हो गया और अपने सहयोगियों के साथ छिप गया।
पुलिस ने अभियान के दौरान रूपेश के पास से 27 लाख रुपये नकद, सचिन से 2.5 लाख रुपये और पवन से दो लाख रुपये के साथ-साथ आठ लाख रुपये की जमा रसीदें और एक कार बरामद की।
भाषा
प्रचेता पवनेश
पवनेश