तृणमूल कार्यालय में कैरम खेलने के आरोप में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के तीन कर्मी निलंबित

तृणमूल कार्यालय में कैरम खेलने के आरोप में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के तीन कर्मी निलंबित

तृणमूल कार्यालय में कैरम खेलने के आरोप में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के तीन कर्मी निलंबित
Modified Date: March 29, 2026 / 06:40 pm IST
Published Date: March 29, 2026 6:40 pm IST

कोलकाता, 29 मार्च (भाषा) निर्वाचन आयोग ने बीरभूम जिले के सूरी में तृणमूल कांग्रेस कार्यालय के अंदर कैरम खेलने का कथित वीडियो सामने आने के बाद केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के तीन कर्मियों को निलंबित कर दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

शनिवार को सामने आए वीडियो में एक कर्मी सूरी स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय के अंदर तीन स्थानीय युवकों के साथ कैरम खेलते हुए, दूसरा कर्मी खड़ा और तीसरा कुर्सी पर बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी।

सूरी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार जगन्नाथ चटर्जी ने इस घटना की आलोचना करते हुए इसे ‘‘बेहद निंदनीय और निराशाजनक’’ बताया।

चटर्जी ने कहा, ‘‘यह स्पष्ट नहीं है कि केंद्रीय बलों को कैसे और कहां तैनात किया जा रहा है। यदि इस कैरम खेल में स्थानीय प्रशासन या पुलिस की कोई भूमिका थी, तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।’’

कांग्रेस के बीरभूम जिला अध्यक्ष संजय अधिकारी ने भी इसी तरह की चिंता व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘कैरम खेलना अपराध नहीं है, लेकिन किसी राजनीतिक दल के कार्यालय के अंदर ऐसा करना अनुचित है।’’

इस विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस के बीरभूम जिला सह-उपाध्यक्ष मलय मुखर्जी ने कहा, ‘‘यहां काम करने वाले लोग समझते हैं कि तृणमूल कांग्रेस के साथ अनौपचारिक बातचीत करना कोई अपराध नहीं है। शायद इसीलिए वे बातें कर रहे थे और कैरम खेल रहे थे।’’

भाषा आशीष सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में