पंजाब में तीन मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, 13 किलो हेरोइन जब्त

पंजाब में तीन मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, 13 किलो हेरोइन जब्त

पंजाब में तीन मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, 13 किलो हेरोइन जब्त
Modified Date: July 6, 2026 / 07:00 pm IST
Published Date: July 6, 2026 7:00 pm IST

चंडीगढ़, छह जुलाई (भाषा) पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस इकाई ने अमृतसर में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में मादक पदार्थों की तस्करी में कथित तौर पर शामिल दो गिरोहों का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 13 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाशदीप सिंह, मंगल सिंह और बलजीत सिंह के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि तरनतारन जिले के खेमकरण का मूल निवासी आकाशदीप अभी अमृतसर के खैराबाद में रह रहा था, जबकि मंगल और बलजीत मोगा जिले के भोडीवाला गांव के रहने वाले हैं।

यादव के मुताबिक, अभियान के दौरान पुलिस ने एक कार भी जब्त की, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी के लिए किया जाता था।

उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी अलग-अलग जगहों से हेरोइन की खेप इकट्ठा करने और पूरे पंजाब में अलग-अलग लोगों को उसकी आपूर्ति करने में शामिल थे।

यादव के अनुसार, घटनाक्रम के सिलसिले में अमृतसर स्थित राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ थाने में स्वापक औषधि ए‍वं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

उन्होंने बताया कि दोनों गिरोह में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा पारुल माधव

माधव


लेखक के बारे में