जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में तीन मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में तीन मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में तीन मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
Modified Date: May 5, 2026 / 05:35 pm IST
Published Date: May 5, 2026 5:35 pm IST

श्रीनगर, पांच मई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में मंगलवार को तीन कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से 202 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, “मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुलगाम पुलिस ने मादक पदार्थ के एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से भारी मात्रा में हेरोइन तथा नकदी बरामद की गई।”

प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर काजीगुंड इलाके में एक जांच चौकी स्थापित की और दो कथित मादक पदार्थ तस्करों को पकड़ा।

उन्होंने कहा, ‘तलाशी के दौरान 50 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ बरामद किया गया। अपराध में इस्तेमाल किया गया वाहन भी जब्त कर लिया गया है।’

गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान हिलाल अहमद गनई और परवाज अहमद भट्ट के रूप में हुई।

प्रवक्ता ने बताया, ‘जांच के दौरान, सांबा जिले के विजयपुर निवासी प्रमुख आपूर्तिकर्ता और सरगना सादिक हुसैन उर्फ ​​शौकी की पहचान की गई।’

इसके बाद, अदालत ने तलाशी वारंट जारी किया और काजीगुंड से पुलिस की एक टीम ने सांबा पुलिस की मदद से आरोपी के आवास पर छापा मारा।

प्रवक्ता ने बताया कि टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके आवास से 152 ग्राम हेरोइन और 52,000 रुपये नकद बरामद किए।

भाषा राखी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में