तेलंगाना के सरकारी अस्पताल में आग लगने से तीन शिशुओं की मौत

तेलंगाना के सरकारी अस्पताल में आग लगने से तीन शिशुओं की मौत

तेलंगाना के सरकारी अस्पताल में आग लगने से तीन शिशुओं की मौत
Modified Date: September 22, 2026 / 02:23 pm IST
Published Date: September 22, 2026 2:23 pm IST

हैदराबाद, 22 सितंबर (भाषा) तेलंगाना के आदिलाबाद जिले में राजीव गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) में आग लगने से तीन शिशुओं की मौत हो गई। पुलिस और जिला अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सोमवार देर रात एयर कंडीशनर में विस्फोट के बाद आग लग गई।

एसएनसीयू में उपचार करा रहे 27 शिशुओं को अलग-अलग निजी अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां समय से पूर्व जन्मे एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया जबकि दो अन्य शिशुओं की मंगलवार को मौत हो गयी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘20 शिशु अब भी अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं, जबकि चार अन्य की हालत स्थिर होने के बाद उनके माता-पिता उन्हें घर ले गए।’’

उन्होंने बताया कि सभी बच्चों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर रखी जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारण समेत घटना का सटीक विवरण जांच के बाद ही सामने आएगा।

पुलिस अधिकारी ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि किसी खराबी के कारण एयर कंडीशनर में विस्फोट होने की आशंका है।

उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने आग बुझा दी।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने राज्य सरकार द्वारा संचालित रिम्स में हुई इस घटना पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को उपचार करा रहे शिशुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने अधिकारियों को घटना की जांच कर रिपोर्ट सौंपने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी निर्देश दिया।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में