अलीपुर में एक ट्रक ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी, तीन की मौत
अलीपुर में एक ट्रक ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी, तीन की मौत
नयी दिल्ली, 13 मई (भाषा) दिल्ली के अलीपुर इलाके में एक ट्रक ने एक ऑटो रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी जिससे तिपहिया वाहन में सवार एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, अलीपुर थाने में सड़क दुर्घटना की सूचना मिली जिसके बाद एक टीम शिव मंदिर के पास घटनास्थल पर पहुंची। दुर्घटना के समय ऑटो रिक्शा में कुल सात लोग सवार थे।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस को एक क्षतिग्रस्त ऑटो रिक्शा और आसपास कई घायल यात्री मिले।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घायलों को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पतालों में ले जाया गया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि ऑटो में फंसे दो लोगों को आपातकालीन उपकरणों की मदद से निकाला गया।
उन्होंने कहा, “हमारे पहुंचने से पहले ही पांच अन्य घायलों को आम लोग और पीसीआर कर्मियों द्वारा बाहर निकाल लिया गया था।”
अधिकारी ने बताया, “सभी घायलों को नरेला स्थित राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया जहां एक बच्ची सहित तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।”
पुलिस ने बताया कि पीड़ितों की पहचान मुकेश, उनकी पत्नी पिंकी, उनके छह वर्षीय बेटे और नौ वर्षीय बेटी, बिहार के चंपारण निवासी छोटू पंडित (28) व करावल नगर निवासी ऑटो रिक्शा चालक राजू शर्मा (52) के तौर पर हुई है। एक यात्री की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी।
इस दुर्घटना में राजू शर्मा, नौ वर्षीय बच्ची और एक अज्ञात यात्री की मौत हो गई।
पुलिस ने कहा कि कुछ घायलों की हालत पर कड़ी नजर रखी जा रही है और डॉक्टरों द्वारा स्वस्थ घोषित किए जाने के बाद उनके बयान दर्ज किए जाएंगे।
जांचकर्ताओं ने बताया कि वे दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। पुलिस टीमें दुर्घटनास्थल और आसपास की सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच कर रही हैं।
क्षतिग्रस्त ऑटो रिक्शा को यांत्रिक निरीक्षण और फोरेंसिक जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मृतक अज्ञात यात्री की पहचान पता करने की कोशिश की जा रही है और सभी पीड़ितों के परिजनों को सूचित करने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
भाषा नोमान नोमान नरेश
नरेश

Facebook


