फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर 50 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में नाबालिग समेत तीन पकड़े गए
फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर 50 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में नाबालिग समेत तीन पकड़े गए
नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर राजस्थान के एक व्यक्ति से 50 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में तीन व्यक्तियों को पकड़ा है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और एक नाबालिग को पकड़ा गया है। पुलिस ने बताया कि उनके पास से 33.5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, राजस्थान में सिरोही निवासी शिकायतकर्ता को उनके नियोक्ता ने उक्त रकम दिल्ली में किसी को पहुंचाने के लिए दी थी और वह अपने एक दोस्त के साथ नौ मई को राष्ट्रीय राजधानी आया था।
पुलिस ने बताया कि यह घटना पीतमपुरा के वर्धमान प्लाजा के पास हुई, जब शिकायतकर्ता एक ऑटो रिक्शा से उतरा और नकदी से भरा बैग लेकर तरुण एन्क्लेव की ओर चलने लगा।
एक अधिकारी ने बताया, ‘दो व्यक्ति शिकायतकर्ता के पास आए और खुद को पुलिस अधिकारी बताया। उन्होंने कथित तौर पर उससे पूछताछ करने लगे और नकदी से भरा बैग अपने कब्जे में ले लिया।’
इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता को वहीं इंतजार करने के लिए कहा और दावा किया कि वरिष्ठ अधिकारी भी वहां आ रहे हैं, फिर वह पैसे लेकर मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के भागने से पहले शिकायतकर्ता मोटरसाइकिल के पंजीकरण नंबर के कुछ अंक लिखने में कामयाब रहा।
अधिकारियों के मुताबिक, शुरू में शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि बैग में नौ लाख रुपये थे। हालांकि, आगे की पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि बैग में वास्तव में 50 लाख रुपये थे और उसने डर की वजह से सही जानकारी नहीं दी थी।
उसकी शिकायत के आधार पर मंगोलपुरी थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई और आगे की जांच शुरू की गई।
अधिकारी ने बताया, ‘मामले को सुलझाने के लिए हमने कई टीम बनाईं। इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत में छापेमारी की और आरोपियों को रविवार को गोहाना से गिरफ्तार किया।’
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय उर्फ मोंटी (20) और कुलदीप (30) के रूप में हुई, दोनों सोनीपत के निवासी हैं। साथ ही एक नाबालिग को भी पकड़ा गया।
पुलिस ने बताया कि 33.5 लाख रुपये नकद, चोरी की रकम से कथित तौर पर खरीदे गए दो आईफोन 17 मोबाइल फोन, अपराध में इस्तेमाल किया गया बैग और अपराध में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
अपराध में शामिल अन्य आरोपियों का पता लगाने और शेष राशि बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
भाषा नोमान नोमान अमित
अमित

Facebook


