दिवंगत पत्रकार के खिलाफ ‘‘मानहानिकारक सामग्री प्रसारित करने’’ पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Ads

दिवंगत पत्रकार के खिलाफ ‘‘मानहानिकारक सामग्री प्रसारित करने’’ पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - September 13, 2026 / 09:56 AM IST,
    Updated On - September 13, 2026 / 09:56 AM IST

कोट्टायम (केरलम), 13 सितंबर (भाषा) केरलम में एक दिवंगत पत्रकार को निशाना बनाकर कथित रूप से मानहानिकारक सामग्री ऑनलाइन प्रसारित करने को लेकर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

कोट्टायम साइबर पुलिस ने शनिवार को एक शिकायत के आधार पर यह मामला दर्ज किया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ‘मलयाला मनोरमा’ के विशेष संवाददाता रहे जीजो जॉन पुथेझाथ के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया और ऑनलाइन मानहानिकारक सामग्री प्रसारित की गई। पुथेझाथ का कोच्चि में हृदयाघात से हाल में निधन हो गया था।

प्राथमिकी के अनुसार, नौ जुलाई को एक अज्ञात व्यक्ति ने ‘मलयाला मनोरमा’ के कोट्टायम स्थित मुख्य कार्यालय में फोन कर पुथेझाथ के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।

प्राथमिकी में कहा गया है कि फोन पर हुई इस बातचीत की रिकॉर्डिंग को पुथेझाथ के निधन के बाद एस. वी. अरुण कुमार द्वारा संचालित फेसबुक पेज ‘एसवी वाइब्स’ पर 10 सितंबर को सार्वजनिक कर दिया गया।

इसके बाद ‘अशरफ थरंग’ और ‘संतोष कुमार’ नाम के फेसबुक प्रोफाइल से दिवंगत पत्रकार और उनके परिवार को निशाना बनाते हुए कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।

साइबर अपराध पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296(बी) (अश्लील भाषा का इस्तेमाल), धारा 356(2) (मानहानि) और केरल पुलिस अधिनियम की धारा 120(ओ) (उपद्रव पैदा करना) के तहत मामला दर्ज किया है।

मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन और गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने पुथेझाथ और उनके परिवार को सोशल मीडिया पर निशाना बनाए जाने की हाल में निंदा की थी।

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना