ओडिशा में चार दिनों तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना: आईएमडी

ओडिशा में चार दिनों तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना: आईएमडी

ओडिशा में चार दिनों तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना: आईएमडी
Modified Date: June 3, 2026 / 10:10 pm IST
Published Date: June 3, 2026 10:10 pm IST

भुवनेश्वर, तीन जून (भाषा) भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने बुधवार को कहा कि अगले चार दिनों के दौरान ओडिशा के कई हिस्सों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

बृहस्पतिवार को दोपहर और शाम के समय 22 जिलों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जिसके लिए मौसम विभाग ने ‘येलो अलर्ट’ (सावधान रहें) जारी किया है।

ये जिले हैं बालासोर, क्योंझर, मयूरभंज, कालाहांडी, नबरंगपुर, कोरापुट, मलकानगिरी, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, अंगुल, ढेंकनाल, बौध, कंधमाल, रायगढ़ा, गजपति, गंजाम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़।

मौसम विज्ञान विभाग ने एक बुलेटिन में कहा है कि कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी।

वहीं, बृहस्पतिवार को दिन के समय बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, ढेंकनाल, बौध, गजपति, गंजाम, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जैसे जिलों में गर्म और आर्द्र मौसम रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले तीन दिनों तक इसी तरह की मौसम स्थिति बने रहने की संभावना है।

बुधवार को हुई बारिश ने भुवनेश्वर, खुर्दा, झारसुगुड़ा, जाजपुर, नुआपड़ा, अंगुल और कुछ अन्य स्थानों पर गर्मी से राहत दिलाई।

पश्चिमी ओडिशा के तितलागढ़ शहर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो उस दिन राज्य में सबसे अधिक था। इसके बाद संबलपुर और बौध का स्थान रहा, जहां दिन का तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस था।

बुलेटिन के अनुसार, बुधवार को जिन अन्य स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया, वे हैं तालचर (40.5), सोनपुर (40.5), हीराकुड (40.4), बरगढ़ (40.4), बोलंगीर (40.3), ढेंकनाल (40.1) और भवानीपटना (40)।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि अगले तीन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।

भाषा तान्या माधव

माधव


लेखक के बारे में