भाजपा समर्थकों ने पुलिस थाने के बाहर मुझ पर हमला किया: तृणमूल नेता कल्याण बनर्जी का दावा

भाजपा समर्थकों ने पुलिस थाने के बाहर मुझ पर हमला किया: तृणमूल नेता कल्याण बनर्जी का दावा

भाजपा समर्थकों ने पुलिस थाने के बाहर मुझ पर हमला किया: तृणमूल नेता कल्याण बनर्जी का दावा
Modified Date: May 31, 2026 / 03:50 pm IST
Published Date: May 31, 2026 3:50 pm IST

कोलकाता, 31 मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के सांसद कल्याण बनर्जी ने दावा किया कि रविवार को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में एक पुलिस थाने के बाहर भीड़ द्वारा हमला किये जाने के कारण उनके सिर पर चोट लगी है।

उन्होंने कहा कि वह विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में एक ज्ञापन सौंपने के लिए वहां गए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर हुए हमले के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थक जिम्मेदार हैं।

यह घटना पार्टी नेता अभिषेक बनर्जी पर स्थानीय लोगों द्वारा कथित तौर पर हमला किये जाने के एक दिन बाद हुई। अभिषेक चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों के परिवारों से मिलने के लिए दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर कस्बे गए थे।

चंडीतला पुलिस थाने के बाहर तब तनाव व्याप्त हो गया, जब लोगों के एक समूह ने हुगली जिले के श्रीरामपुर से सांसद कल्याण बनर्जी को काले झंडे दिखाये और उन्हें तथा तृणमूल कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों को ‘‘चोर’’ कहा।

कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके सिर पर चोट लगी और वह घायल हो गये।

उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में इस घटना के लिए भाजपा समर्थकों को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा, ‘‘यह सब कुछ पुलिस के सामने हुआ। मेरे सिर पर चोट लगी है और खून बह रहा है।’’

लोकसभा सदस्य ने पुलिस की निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए धरना दिया। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ‘‘भाजपा प्रायोजित हमलों’’ के खिलाफ अपना विरोध जारी रखेगी।

हिंसा की किसी भी प्रकार की घटना को रोकने के लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है।

भाजपा ने इन आरोपों का खंडन किया और दावा किया कि राज्यभर में स्थानीय लोग तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं।

भाषा

देवेंद्र दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में