गुरुग्राम में यातायात पुलिसकर्मी पर वीडियो बना रहे युवक को थप्पड़ मारने का आरोप
गुरुग्राम में यातायात पुलिसकर्मी पर वीडियो बना रहे युवक को थप्पड़ मारने का आरोप
गुरूग्राम, 27 मई (भाषा) गुरूग्राम में एक यातायात पुलिसकर्मी पर शहर की सड़क पर एक ट्रक में लगी आग को बुझाने में मदद करने के बजाय उसका वीडियो बनाने को लेकर एक युवक को कथित रूप से थप्पड़ मारने का आरोप है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
फरीदाबाद निवासी शिकायतकर्ता विशाल ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने न केवल उसे थप्पड़ मारा और वीडियो रिकॉर्डिंग बंद करने को कहा बल्कि उसे आग बुझाने में मदद के लिए एक बाल्टी पानी लाने का भी आदेश दिया।
सीसीटीवी लगाने और उनकी मरम्मत का काम करने वाले विशाल ने कहा कि वह मंगलवार दोपहर काम के सिलसिले में गुरुग्राम में था और दोपहर करीब तीन बजे घाट इलाके से गुजर रहा था। तभी उसने सड़क किनारे एक ट्रक में आग लगी देखी।
विशाल ने आरोप लगाया,‘‘ आग देखकर मैंने अपनी बाइक रोक दी और वीडियो रिकॉर्ड करने के लिए अपना फोन निकाला। तभी ड्यूटी पर तैनात एक यातायात पुलिसकर्मी ने मुझे घटना को फिल्माते हुए देख लिया। वह मेरी तरफ आया और मुझे थप्पड़ मारा।’’
उसने कहा,‘‘ पुलिसकर्मी ने पूछा कि मैं घटना की रिकॉर्डिंग क्यों कर रहा था और उसने मुझे आग बुझाने के लिए एक बाल्टी पानी लाने को कहा। मैंने पूरी घटना अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड की और बाद में न्याय की मांग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।’’
संपर्क करने पर यातायात पुलिसकर्मी ने उस व्यक्ति को थप्पड़ मारने से इंकार किया और दावा किया कि उसने केवल उससे मदद करने को कहा था।
यातायात एसीपी सतपाल सिंह ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इसी बीच, उसी पुलिसकर्मी का एक और वीडियो सामने आया है जिसमें वह जलते हुए कैंटर ट्रक पर चढ़कर आग बुझाने के प्रयासों में मदद करता नजर आ रहा है।
एसीपी ने बताया कि यह मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में है और इसकी जाँच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी पुलिस अधिकारियों को मित्रवत व्यवहार करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
भाषा नरेश
नरेश

Facebook


