दिल्ली के विकास मार्ग पर ट्रैफिक सुधार से सफर का समय घटकर 14-15 मिनट हुआ
दिल्ली के विकास मार्ग पर ट्रैफिक सुधार से सफर का समय घटकर 14-15 मिनट हुआ
नयी दिल्ली, 29 मार्च (भाषा) पूर्वी दिल्ली के विकास मार्ग कॉरिडोर पर प्रवर्तन और यातायात प्रबंधन उपायों के बाद अब यात्रा में लगने वाला समय घटकर लगभग 14-15 मिनट हो गया है। यातायात पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
यातायात पुलिस ने बताया कि यमुना-पार के क्षेत्रों को दिल्ली के मध्य भागों से जोड़ने वाले इस मार्ग पर अवैध पार्किंग, टूटे हुए डिवाइडर और पैदलयात्रियों की बहुत अधिक आवाजाही के कारण लंबे समय से यातायात बाधित होने की समस्या बनी हुई है।
दिल्ली यातायात पुलिस के एक बयान के अनुसार, इलाके में अवैध तरीके से खड़े वाहनों को वहां से हटवाने के लिए कार्रवाई की गई। बयान के मुताबिक, पिछले दो सप्ताह में करीब 200 वाहनों को हटाया गया।
इसके अलावा, अनुचित तरीके से खड़े किए गए 200 अन्य वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
बयान में कहा गया है कि इस साल अब तक अवैध पार्किंग और अनधिकृत ई-रिक्शा संचालन सहित अन्य उल्लंघनों के लिए 11,000 से अधिक चालान जारी किए गए।
अधिकारियों ने कहा कि ‘सिग्नल ऑप्टिमाइजेशन’ (यातायात सिग्नल प्रबंधन) ने भी भीड़ को कम करने में मदद की है, जिससे यात्रा का समय 20-25 मिनट से घटकर लगभग 14-15 मिनट हो गया है।
‘सिग्नल ऑप्टिमाइजेशन’ में लक्ष्मी नगर चौराहे को ‘सिग्नल’ मुक्त बनाना और कड़कड़ी मोड़ पर कुछ प्रवेश बिंदुओं को प्रतिबंधित करना शामिल है।
अधिकारियों ने बताया कि यातायात कर्मियों की तैनाती बढ़ाने और बुनियादी ढांचे की मरम्मत के लिए नागरिक एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करने से कॉरिडोर पर आवागमन सुगम हो गया है।
भाषा यासिर सुरेश
सुरेश

Facebook


