चेम्सफोर्ड रोड पर खुदाई और तुर्कमान गेट पर निर्माण कार्य के कारण मध्य दिल्ली में यातायात प्रभावित होगा
चेम्सफोर्ड रोड पर खुदाई और तुर्कमान गेट पर निर्माण कार्य के कारण मध्य दिल्ली में यातायात प्रभावित होगा
नयी दिल्ली, 26 फरवरी (भाषा) नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास और मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में अगले दो हफ्तों तक सीवर लाइन की मरम्मत और स्टेशन के पुनर्विकास परियोजना के तहत जारी निर्माण कार्य के कारण यातायात प्रभावित रहेगा। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से जारी परमार्श के अनुसार, पहाड़गंज क्षेत्र में नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन के सामने चेम्सफोर्ड रोड पर दिल्ली जल बोर्ड द्वारा सीवर लाइन की मरम्मत के लिए खुदाई का काम 26 फरवरी से पांच मार्च तक किया जाएगा।
परामर्श में कहा गया है कि भारी मशीनरी और खुदाई के काम के कारण मुंजिया चौक के पास चेम्सफोर्ड रोड और पहाड़गंज की ओर जाने वाली इससे जुड़ी सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की संभावना है, खासकर व्यस्त समय के दौरान।
एक अलग परमार्श में, पुलिस ने कहा कि आसफ अली रोड पर तुर्कमान गेट से लेकर डिलाइट सिनेमा होते हुए दिल्ली गेट की तरफ जाने वाली एक लेन 26 फरवरी से 12 मार्च तक बंद रहेगी, क्योंकि नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से संबंधित निर्माण कार्य किया जा रहा है।
प्रभावित क्षेत्रों में आसफ अली रोड (तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट चौक तक) और चमन लाल मार्ग शामिल हैं।
पुलिस ने यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए वैकल्पिक मार्गों का सुझाव दिया है। हमदर्द चौक या कमला मार्केट गोलचक्कर से दिल्ली गेट चौक की ओर जाने वाले वाहन चालकों को मिंटो रोड, डीडीयू मार्ग और बीएसजेड मार्ग से दिल्ली गेट चौक पहुंचने की सलाह दी गई है। गुरु नानक चौक से आने वाले लोग मीरदर्द चौक से होते हुए मीरदर्द मार्ग से बीएसजेडए मार्ग लें और फिर दिल्ली गेट पहुंच सकते हैं।
रेलवे यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और स्टेशन क्षेत्र के पास मार्ग परिवर्तन और संभावित भीड़भाड़ को देखते हुए अतिरिक्त यात्रा समय लेकर घर से निकलें।
भाषा नोमान
नोमान रंजन
रंजन

Facebook


