तृणमूल कांग्रेस को एक और झटका, सांसद सुष्मिता देव ने पार्टी और राज्यसभा से इस्तीफा दिया
तृणमूल कांग्रेस को एक और झटका, सांसद सुष्मिता देव ने पार्टी और राज्यसभा से इस्तीफा दिया
( तस्वीरों सहित )
नयी दिल्ली, 10 जून (भाषा) तृणमूल कांग्रेस सांसद सुष्मिता देव ने बुधवार को पार्टी से और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया।
इससे पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली पार्टी को एक और झटका लगा है जो राज्य विधानसभा चुनाव में हार के बाद आंतरिक विभाजन से जूझ रही है।
सांसद के रूप में देव के इस्तीफे को राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने स्वीकार कर लिया।
राज्यसभा सचिवालय की एक अधिसूचना के अनुसार, ‘‘पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की निर्वाचित सदस्य सुष्मिता देव ने उच्च सदन की अपनी सीट से इस्तीफ़ा दे दिया है और उनका इस्तीफ़ा राज्यसभा के सभापति ने 10 जून, 2026 से मंज़ूर कर लिया है।’’
साल 2021 में कांग्रेस छोड़कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुईं सुष्मिता देव अब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो सकती हैं। उन्होंने अपना इस्तीफा देने के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से मुलाकात की।
सुष्मिता देव ने तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी को लेकर पूछे गए सवालों या अपने भविष्य की राजनीतिक योजनाओं पर कोई भी टिप्पणी नहीं की। उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरा व्यक्तिगत निर्णय है कि मैं किस तरह की राजनीति करना चाहती हूं और मेरा नेता किसे होना चाहिए। मेरे अपने कारण हैं और इसलिए मैंने यह फैसला किया है।’’
भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं फैसला करुंगी तो आपको जानकारी दूंगी।’’
देव ने कहा कि उन्होंने निजी और राजनीतिक कारणों से इस्तीफा दिया है और ‘‘सभी को अपनी सोच बदलने का और यह फैसला करने का अधिकार है कि वे किस तरह की राजनीति करना चाहते हैं।’’
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता संतोष मोहन देव की बेटी सुष्मिता पहले असम के सिलचर से लोकसभा सदस्य रही हैं। वह अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष भी हैं।
उन्होंने आज राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन से मुलाकात कर उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा सौंपा।
देव ने अपने इस्तीफे में कहा, ‘‘मैं राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देती हूं, जिसे कृपया तुरंत स्वीकार किया जाए।’’
उन्होंने राज्यसभा के सभापति को लिखे पत्र में कहा, ‘‘मैं आपका, उपसभापति और राज्यसभा सचिवालय के सभी अधिकारियों का दिल से शुक्रिया अदा करती हूं, जिन्होंने राज्यसभा सदस्य के तौर पर मेरे कार्यकाल के दौरान हर तरह की मदद और सहयोग दिया।’’
सुष्मिता देव इस सप्ताह तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा देने वाली राज्यसभा की दूसरी सदस्य हैं। इससे पहले सुखेंदु शेखर राय ने भी पार्टी और राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद तृणमूल कांग्रेस बगावत का सामना कर रही है। सूत्रों के अनुसार, पार्टी के कई सांसदों ने एक अलग समूह बनाने और आम आदमी पार्टी के सात सांसदों की तरह सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ जाने का फैसला किया है। आम आदमी पार्टी के सांसदों ने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था।
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 80 विधायकों में से अधिकतर सदस्यों ने पहले ही रिताब्रता बनर्जी के नेतृत्व में एक अलग समूह बना लिया जिन्हें राज्य विधानसभा में विपक्ष का नेता चुना गया है।
भाषा वैभव मनीषा
मनीषा

Facebook


