तृणमूल नेता सौगत रॉय ने महुआ मोइत्रा पर ‘हमले’ को लेकर लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा
तृणमूल नेता सौगत रॉय ने महुआ मोइत्रा पर ‘हमले’ को लेकर लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखा
नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सौगत रॉय ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर सांसदों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप की मांग की है।
उन्होंने यह पत्र पार्टी सांसद महुआ मोइत्रा पर पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में उनके संसदीय क्षेत्र के दौरे के दौरान कथित हमले के बाद लिखा है।
रॉय ने यहां संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि मोइत्रा पर उनके निर्वाचन क्षेत्र में हमला हुआ, लेकिन उन्होंने तुरंत वह इलाका छोड़ने से इनकार कर दिया और स्थिति सामान्य होने तक वहीं डटी रहीं।
रॉय ने आरोप लगाया, ‘‘उन्होंने तुरंत पुलिस महानिदेशक को मामले की सूचना दी, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही।’’
तृणमूल नेता ने कहा कि उन्होंने बृहस्पतिवार को लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर उनसे सांसदों की उनके अपने निर्वाचन क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर सांसदों की उनके अपने निर्वाचन क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। मुझे उम्मीद है कि लोकसभा अध्यक्ष इस पर कार्रवाई करेंगे।’’
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि उन्होंने बुधवार को फोन पर बिरला से बात करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो पाई। रॉय ने कहा कि इसके बजाय उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष के कार्यालय से जुड़े एक अधिकारी से बात की।
उन्होंने कहा कि उन्होंने हाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर कथित हमलों को लेकर चिंता जताई है।
मोइत्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि नादिया जिले में तृणमूल विधायक अलीफा अहमद के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने उन पर अंडे फेंके।
मोइत्रा कालीगंज के पलाशी में अहमद के घर तृणमूल की बैठक में शामिल होने गई थीं, तभी प्रदर्शनकारियों का एक समूह कथित तौर पर बाहर जमा हो गया और ‘‘वापस जाओ’’ तथा ‘‘चोर-चोर’’ के नारे लगाने लगा। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उन पर अंडे भी फेंके।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


