तृणमूल सांसद ककोली घोष दस्तीदार ने सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ लोस अध्यक्ष से की शिकायत
तृणमूल सांसद ककोली घोष दस्तीदार ने सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ लोस अध्यक्ष से की शिकायत
कोलकाता, 28 मई (भाषा) तृणमूल कांग्रेस सांसद ककोली घोष दस्तीदार ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर पार्टी सांसद कल्याण बनर्जी पर संसद के भीतर अपशब्द कहने और महिला सांसदों के प्रति अपमानजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया है।
यह शिकायत विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस में बढ़ती तनानती के बीच आई है, जहां असंतोष और आंतरिक टकराव खुलकर सामने आने लगा है।
अध्यक्ष को लिखे पत्र में काकोली ने औपचारिक शिकायत दर्ज करने की अनुमति मांगी और कल्याण बनर्जी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पश्चिम बंगाल के बारासात से सांसद ने पत्र में लिखा, ‘‘मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि मुझे तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सदस्य कल्याण बनर्जी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज करने की अनुमति दी जाए, जिन्होंने लोकसभा के भीतर बार-बार मुझे अपशब्द कहे। यह महिला विरोधी व्यवहार कई महिला सदस्यों के साथ हुआ है और ऐसे में दंडात्मक कार्रवाई जरूरी है।’’
बनर्जी और तृणमूल नेतृत्व की ओर से इस शिकायत पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
यह घटनाक्रम इसलिए और महत्वपूर्ण हो जाता है क्योंकि इससे महज एक दिन पहले चार बार की सांसद ने तृणमूल के सभी संगठनात्मक पदों से इस्तीफा दे दिया था और पार्टी नेतृत्व के एक वर्ग के खिलाफ तीखा हमला बोला था।
हालांकि, वह अब भी बारासात की सांसद हैं जहां से उन्होंने तृणमूल के टिकट पर चुनाव जीता था।
भाषा
खारी रंजन
रंजन

Facebook


