त्रिपुरा सरकार ने महाविद्यालयों में गर्मी की छुट्टियां रद्द कीं

त्रिपुरा सरकार ने महाविद्यालयों में गर्मी की छुट्टियां रद्द कीं

त्रिपुरा सरकार ने महाविद्यालयों में गर्मी की छुट्टियां रद्द कीं
Modified Date: May 22, 2026 / 04:54 pm IST
Published Date: May 22, 2026 4:54 pm IST

अगरतला, 22 मई (भाषा) त्रिपुरा सरकार ने राज्य के तकनीकी और व्यावसयिक संस्थानों समेत सभी सरकारी महाविद्यालयों में 26 दिनों का ग्रीष्मकालीन अवकाश रद्द कर दिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

ये छुट्टियां 25 मई से शुरू होनी थीं।

उच्च शिक्षा निदेशक अनिमेष देबबर्मा ने एक अधिसूचना में कहा, ‘‘छात्रों के हित में विभाग के अधीन सभी कॉलेज, तकनीकी और व्यावसायिक संस्थानों के लिए 26 मई से निर्धारित 26 दिनों का ग्रीष्मकालीन अवकाश रद्द किया जाता है।’’

अधिसूचना में कहा गया है कि सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया, सेमेस्टर परीक्षाओं और प्रशासनिक गतिविधियों सहित सभी शैक्षणिक गतिविधियों के लिए कॉलेज इस अवधि के दौरान खुले रहेंगे।

अधिसूचना में कहा गया है, ‘चूंकि ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान कॉलेज खुले रहेंगे और शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी, इसलिए कॉलेज में कार्यरत शिक्षकों और कर्मचारियों को 26 दिनों का अर्जित अवकाश मिलेगा।’

देबबर्मा के अनुसार, राज्य सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को पहले ही लागू कर दिया है, जिसके तहत ग्रीष्मकालीन अवकाश की गुंजाइश बहुत कम रह गई है क्योंकि अब पाठ्यक्रम सेमेस्टर प्रणाली पर आधारित हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘गर्मी की छुट्टियों को रद्द करने का यह एक प्रमुख कारण है।’’

वर्तमान में त्रिपुरा में 22 सरकारी सामान्य डिग्री कॉलेज हैं।

भाषा राखी सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में