अगरतला से उड़ान सेवाएं बरकरार रखने के लिए त्रिपुरा के मंत्री ने केंद्र से हस्तक्षेप की मांग की
अगरतला से उड़ान सेवाएं बरकरार रखने के लिए त्रिपुरा के मंत्री ने केंद्र से हस्तक्षेप की मांग की
अगरतला, 12 अगस्त (भाषा) त्रिपुरा के परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी ने अगरतला से मौजूदा उड़ान सेवाओं को जारी रखने और बंद किए गए मार्गों पर सेवाएं बहाल करने के लिए केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू से हस्तक्षेप की मांग की है।
चौधरी ने केंद्रीय मंत्री को लिखे पत्र में कहा कि पिछले कुछ महीनों में अगरतला को जोड़ने वाले विभिन्न मार्गों पर एअर इंडिया, एअर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो और अकासा एयर की सेवाएं या तो बंद कर दी गई हैं, कम कर दी गई हैं या बंद किए जाने का प्रस्ताव है।
उन्होंने 11 अगस्त को लिखे पत्र में कहा, ‘‘एअर इंडिया ने अपनी सेवाओं में कटौती की है और 22 अक्टूबर से अगरतला-गुवाहाटी मार्ग पर परिचालन बंद करने की संभावना है। एअर इंडिया एक्सप्रेस ने भी महत्वपूर्ण मार्गों पर सेवाएं वापस ली हैं या कम की हैं। अगरतला-बागडोगरा-बेंगलुरु सेवा भी बंद किए जाने की सूचना है।’’
मंत्री ने बताया कि इंडिगो की सीधी अगरतला-हैदराबाद उड़ान सेवा भी एक अक्टूबर से बंद किए जाने का प्रस्ताव है, जबकि अकासा एयर 22 अक्टूबर से अगरतला से अपनी सेवाएं बंद करने वाली है।
उन्होंने कहा कि अगरतला-शिलांग, अगरतला-आइजोल और सीधी अगरतला-चेन्नई उड़ान सेवाएं भी पहले ही बंद की जा चुकी हैं।
चौधरी ने कहा, ‘‘अगरतला से बेहतर हवाई संपर्क की बढ़ती मांग के विपरीत उड़ानों की संख्या में कमी से त्रिपुरा से देश के प्रमुख शहरों के लिए हवाई सेवाओं की उपलब्धता पर काफी असर पड़ा है।’’ उन्होंने कहा कि उड़ानों में कटौती के कारण अगरतला-कोलकाता, अगरतला-दिल्ली, अगरतला-गुवाहाटी और अगरतला-बेंगलुरु जैसे प्रमुख मार्गों पर किराए में भारी वृद्धि हुई है।
मंत्री ने कहा कि इससे विशेष रूप से चिकित्सा उपचार, उच्च शिक्षा, कारोबार, आधिकारिक काम और अन्य जरूरी कार्यों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को आर्थिक परेशानी और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
चौधरी ने नायडू से व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करने और संबंधित विमानन कंपनियों के साथ इस मुद्दे को उठाने का आग्रह किया।
उन्होंने केंद्र से अगरतला से बंद की गई उड़ान सेवाओं को बहाल करने, मौजूदा उड़ानों को जारी रखने और अधिक मांग वाले मार्गों पर क्षमता बढ़ाने के लिए सभी संभावित उपाय करने की अपील की।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


