त्रिपुरा आदिवासी परिषद चुनावों में टिपरा मोथा की शानदार जीत, 28 में से 20 सीटें जीतीं
त्रिपुरा आदिवासी परिषद चुनावों में टिपरा मोथा की शानदार जीत, 28 में से 20 सीटें जीतीं
अगरतला, 17 अप्रैल (भाषा) प्रद्योत देबबर्मा के नेतृत्व वाली टिपरा मोथा पार्टी (टीएमपी) ने शुक्रवार को त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (टीटीएएडीसी) चुनावों में शानदार जीत दर्ज करते हुए 28 में से 20 सीटें जीत लीं। राज्य निर्वाचन आयोग ने यह जनकारी दी।
पूर्व राजपरिवार के वंशज द्वारा 2020 में ‘ग्रेटर टिपरालैंड’ की मांग के साथ गठित पार्टी की लगातार दूसरी जीत ने राज्य के आदिवासी समुदाय के बीच उसके प्रभुत्व को प्रदर्शित किया।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीन सीटें जीती हैं, जबकि पांच निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना जारी है।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस लगातार दूसरी बार आदिवासी परिषद में एक भी सीट नहीं जीत सकी। यह परिषद राज्य के लगभग 70 प्रतिशत भौगोलिक क्षेत्र का प्रशासन करती है और क्षेत्र में लगभग 15 लाख लोगों का निवास है।
राज्य निर्वाचन आयोग के विशेष अधिकारी बिपुल बर्मन ने कहा, ‘अब तक 23 सीटों के घोषित परिणामों में से टीएमपी ने 20 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा को तीन सीटें मिलीं। पांच सीटों पर मतगणना अभी जारी है।’
देबबर्मा ने कहा कि इस जीत से उनकी पार्टी की ज़िम्मेदारी और बढ़ गई है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘नफरत पर प्रेम की जीत हुई है। मैं विजयी लोगों से आग्रह करता हूं कि वे ‘दोफा’ (समुदाय), राज्य और देश के लिए काम करें। आम लोग असाधारण काम करते हैं। मैं सभी से अपील करता हूं कि हमारे ‘दोफा’ और आने वाली पीढ़ी के लिए, हमारे छोटे से राज्य में हिंसा नहीं होनी चाहिए।’
भाजपा और टिपरा मोथा सहयोगी हैं, लेकिन दोनों पार्टियों ने चुनाव अलग-अलग लड़ा।
वरिष्ठ भाजपा नेता और मंत्री रतन लाल नाथ ने हार स्वीकार करते हुए कहा, ‘मैंने पहले ही कहा था कि अगर मतदाता भावनाओं के प्रभाव में आकर वोट देते हैं तो जीत की संभावना बहुत कम है। अगर लोग विकास के लिए वोट देना चाहते हैं तो भाजपा ही सही विकल्प है।’
आदिवासी परिषद की 28 सीटों के लिए 12 अप्रैल को मतदान हुआ, जिसमें 83.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो 2021 के चुनावों में दर्ज 81 प्रतिशत मतदान से अधिक था। कुल 173 उम्मीदवार मैदान में थे।
वर्ष 2021 के चुनावों में, टीएमपी ने 46.70 प्रतिशत वोट शेयर के साथ 18 सीटें जीती थीं। भाजपा ने 29.30 प्रतिशत वोटों के साथ नौ सीटें जीती थीं।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश

Facebook


