पार्किंग को लेकर पीटने के बाद व्यक्ति की मौत मामले में ट्रक चालक गिरफ्तार
पार्किंग को लेकर पीटने के बाद व्यक्ति की मौत मामले में ट्रक चालक गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 13 जून (भाषा) बाहरी-उत्तरी दिल्ली के सिरसपुर इलाके में पार्किंग को लेकर हुए झगड़े के बाद एक व्यक्ति की पिटाई करने के आरोप में 29 वर्षीय एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है। पिटाई के बाद इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई थी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
उसने बताया कि उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के रहने वाले पवन चौधरी नामक आरोपी को लगातार तलाशी अभियान के बाद गाजियाबाद के लोनी से गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, यह मामला सात जून को सामने आया जब पुलिस को डॉ. बीएसए अस्पताल से सूचना मिली कि सिरसपुर निवासी 35 वर्षीय बबलू को पेट में गंभीर चोटें आने के बाद भर्ती कराया गया है। चूंकि पीड़ित बयान देने की हालत में नहीं था, इसलिए मामले को लंबित रखा गया।
पुलिस को 10 जून को सूचना मिली कि इलाज के दौरान बबलू की चोटों के कारण मौत हो गई।
जांच के दौरान, मृतक के रिश्तेदार वीरेश ने पुलिस को बताया कि छह जून की शाम को बबलू ने उसे बताया था कि सिरसपुर में पार्किंग को लेकर हुई बहस के बाद ट्रक चालक ने उसकी पिटाई की थी।
पुलिस ने बताया कि झगड़े के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर बबलू को कई बार घूंसे और लात मारी, जिससे उसके पेट में गंभीर चोटें आईं। पीड़ित को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया और बाद में डॉ. बीएसए अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी इमरजेंसी सर्जरी हुई। इलाज के दौरान 10 जून को उसकी मौत हो गई।
पीड़ित की मौत के बाद समयपुर बादली थाने में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
जांचकर्ताओं ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी कथित तौर पर पीड़ित की पिटाई करते हुए देखा गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी वाहन चालक है और सातवीं कक्षा तक पढ़ा है। उसने बताया कि उसे लोनी से गिरफ्तार करके हिरासत में ले लिया गया।
उसने बताया कि जांच जारी है।
भाषा
शुभम माधव
माधव

Facebook


