चेन्नई, सात मई (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से पार्टी प्रमुख विजय को सरकार बनाने की अनुमति देने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को लोकभवन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
टीवीके के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के कारण कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
कांग्रेस सहित 112 समर्थक विधायकों की सूची सौंपने के बावजूद राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने अब तक विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित नहीं किया है। तिरुप्पुर जिले के टीवीके कार्यकर्ताओं ने एसआर बोम्मई मामले के फैसले का हवाला देते हुए मीडिया से कहा कि लोकभवन बहुमत साबित करने का उचित स्थान नहीं है।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विधानसभा ही बहुमत साबित करने का सही स्थान है।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी दावा किया कि टीवीके 108 विधायकों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और संविधान के अनुसार, विजय को सरकार बनाने के लिए बुलाना राज्यपाल का कर्तव्य है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्यपाल टीवीके को सरकार बनाने का मौका न देकर भाजपा का पक्ष ले रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों ने तख्तियां भी दिखाईं और राज्यपाल के खिलाफ नारे लगाए।
पुलिस को उनसे निपटने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
विजय के आज शपथ ग्रहण न कर पाने पर निराशा व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह होने तक चेन्नई में ही रहने का फैसला किया है।
भाषा जितेंद्र माधव
माधव