दिल्ली के शास्त्री नगर में दिनदहाड़े 10.65 लाख रु की लूट के मामले में दो गिरफ्तार

Ads

दिल्ली के शास्त्री नगर में दिनदहाड़े 10.65 लाख रु की लूट के मामले में दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 3, 2026 / 06:53 PM IST,
    Updated On - April 3, 2026 / 06:53 PM IST

नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) दिल्ली पुलिस ने शास्त्री नगर में दिनदहाड़े 10.65 लाख रुपये से अधिक की लूट को अंजाम देने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 26 मार्च को हुई थी जब शिकायतकर्ता 22 वर्षीय अभिषेक प्रजापति ने अपने नियोक्ता के निर्देश पर शास्त्री नगर से 65,000 रुपये और चांदनी चौक से 10 लाख रुपये एकत्र किए थे। वह बावना में मोज़े बनाने की फैक्टरी में काम करता है।

उत्तर दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजा बंथिया ने बताया कि वह नकदी पहुंचाने जा रहा था जब शाम करीब 5:50 बजे शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने उसे रोका और बंदूक के बल पर उसका बैग छीन लिया जिसमें नकदी थी और फिर मेट्रो स्टेशन की ओर भाग गए।

पुलिस ने सराय रोहिल्ला थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद, चार दिन की तलाशी के बाद आरोपी देव मग्गो (24) और रोहित शर्मा (34) को गाजियाबाद के अंकुर विहार इलाके से गिरफ्तार किया गया।

अधिकारी ने कहा कि आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं। पूछताछ के दौरान, टीम ने 5.51 लाख रुपये नकद, एक देसी कट्टा, एक कारतूस और अपराध में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की, जिसे पिछले साल भजनपुरा इलाके से चुराया गया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने इलाके की रेकी की थी और पीड़ित को पीठ पर बैग लिए हुए देखकर उसे निशाना बनाया, क्योंकि उन्हें संदेह था कि बैग में नकदी है।

उन्होंने लूटपाट के दौरान पीड़ित को धमकाने के लिए खजूरी खास से हथियार हासिल किया था।

अधिकारी ने कहा, “दोनों आरोपियों ने कबूल किया है कि उन्होंने लूटी गई रकम का कुछ हिस्सा घरेलू खर्चों और कर्ज चुकाने में खर्च किया। हथियार के स्रोत का पता लगाने और शेष राशि बरामद करने के लिए आगे की जांच जारी है।”

उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों का आपराधिक गतिविधियों में पहले से संलिप्तता का इतिहास है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश