केरल में अवैध रूप से रह रही दो बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार, छह अन्य हिरासत में
केरल में अवैध रूप से रह रही दो बांग्लादेशी महिलाएं गिरफ्तार, छह अन्य हिरासत में
तिरुवनंतपुरम, 30 अप्रैल (भाषा) केरल के तिरुवनंतपुरम में अवैध रूप से रह रही दो बांग्लादेशी महिलाओं को कारियावट्टोम इलाके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिलाएं कथित तौर पर एक ऐसे गिरोह का हिस्सा थीं, जिसके उस इलाके में देह व्यापार में शामिल होने का संदेह है।
केरल पुलिस के आतंकवाद विरोधी दस्ते (एटीएस) से मिली गुप्त सूचना के आधार पर कझाकूट्टम पुलिस ने बुधवार रात कारियावट्टोम स्थित एक किराए के मकान पर छापा मारा।
पुलिस ने बताया कि दोनों महिलाएं पिछले एक महीने से तिरुवनंतपुरम में
थीं और कथित तौर पर देह व्यापार से जुड़े एक गिरोह के लिए काम कर रही थीं।
छापेमारी के दौरान छह अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, इस समूह ने खुद को चिकित्सक बताकर इस महीने की शुरुआत में यह घर किराए पर लिया था।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें से एक मामला दोनों बांग्लादेशी महिलाओं के खिलाफ अवैध रूप से ठहरने का है, जबकि दूसरा मामला देह व्यापार की गतिविधियों से संबंधित है।
पुलिस ने हाल ही में शहर के एक स्पा से भी दो अन्य बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार किया था।
अधिकारियों के मुताबिक, जाली दस्तावेजों और पहचान पत्रों के आधार पर अवैध रूप से राज्य में रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
भाषा
प्रचेता मनीषा
मनीषा

Facebook


