मेघालय के वेस्ट जयंतिया हिल्स में दो बांग्लादेशी गिरफ्तार
मेघालय के वेस्ट जयंतिया हिल्स में दो बांग्लादेशी गिरफ्तार
शिलांग, दो मार्च (भाषा) मेघालय के वेस्ट जयंतिया हिल्स जिले में बांग्लादेश के दो नागरिकों को बिना किसी वैध यात्रा दस्तावेज के भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दोनों की पहचान बांग्लादेश के खुलना डिविजन अंतर्गत नरैल जिले के भोमबाग गांव निवासी मोनिरुल बिस्वास और लवली खातून के रूप में हुई है।
उन दोनों को रात करीब 8:30 बजे डॉकी थाने के कर्मियों ने रोका।
पुलिस के अनुसार, ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले के वाहसारंग गांव के रहने वाले चालक पिनशैभा खाई को भी उनके अवैध रूप से प्रवेश और डॉकी से आगे की यात्रा में मदद करने के संदेह में गिरफ्तार किया गया।
डॉकी थाने में आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम, 2025 के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वेस्ट जयंतिया हिल्स के पुलिस अधीक्षक जगपाल धनोआ सिंह ने बताया कि ये गिरफ्तारियां नियमित रात्रि गश्त के दौरान की गईं।
सिंह ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया, ‘‘हमारी गश्ती टीम ने कल रात करीब 8:30 बजे वाहन को रोका। जांच करने पर पता चला कि दोनों बांग्लादेशी नागरिकों के पास वैध यात्रा दस्तावेज नहीं थे। चालक पर डॉकी से उनकी अवैध घुसपैठ और आगे जाने में मदद करने का संदेह है। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है।’’
पुलिस ने बताया कि आरोपी को आमलारेम स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी) अदालत में पेश किया जाएगा।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


