बिश्नोई गिरोह के दो गुर्गे राजपुरा में गिरफ्तार : पंजाब पुलिस
बिश्नोई गिरोह के दो गुर्गे राजपुरा में गिरफ्तार : पंजाब पुलिस
चंडीगढ़, 27 मई (भाषा) लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के दो गुर्गों को राजपुरा से गिरफ्तार किया गया है। पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरुण शर्मा ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गिरोह के दोनों गुर्गों की पहचान पंजाब के एसएएस नगर जिले के जीरकपुर निवासी हरजिंदर सिंह उर्फ लाडी और सुबीर सिंह उर्फ सुबी के रूप में हुई है।
शर्मा ने बताया, ‘‘गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास है। लाडी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और हथियार से संबंधित करीब छह आपराधिक मामले दर्ज हैं जबकि सुबी के खिलाफ दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।’’
उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनके कब्जे से तीन पिस्तौल और 15 कारतूस बरामद किये हैं।
शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को विदेश में बैठा गोल्डी ढिल्लों निर्देश देता था। ढिल्लों भगोड़े गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का सहयोगी है।
उन्होंने बताया कि ढिल्लों ने आरोपियों को दो लक्षित हत्याओं का काम सौंपा था।
भाषा
धीरज प्रशांत
प्रशांत

Facebook


