विधायक राम्या हरिदास से मारपीट मामले में कांग्रेस के दो कार्यकर्ता निलंबित
विधायक राम्या हरिदास से मारपीट मामले में कांग्रेस के दो कार्यकर्ता निलंबित
तिरुवनंतपुरम, छह सितंबर (भाषा) केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) ने रविवार को चिरायिनकीझू में विधायक राम्या हरिदास और पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के मामले में कांग्रेस के दो कार्यकर्ताओं को निलंबित कर दिया है।
यह कार्रवाई पार्टी नेतृत्व द्वारा घटना की जांच के लिए नियुक्त वरिष्ठ कांग्रेस नेता एम एम हसन की ओर से रविवार को केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ को सौंपी गई प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद की गई।
केपीसीसी के संगठनात्मक मामलों के महासचिव नेय्याट्टिनकारा सनल ने एक बयान में कहा कि कांग्रेस नेताओं-पालायम प्रदीप और एस साजद को गंभीर संगठनात्मक अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया है। इस अनुशासनहीनता से सार्वजनिक तौर पर पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचा।
प्रदीप, हरिदास के निजी स्टाफ के सदस्य थे, जबकि साजद वह कांग्रेस नेता हैं, जिनके घर पर हरिदास के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर हमला किया।
इस घटना में हरिदास के कथित तौर पर घायल होने के बाद मामले को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं।
हरिदास ने आरोप लगाया है कि स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने उन पर हमला किया और उन्हें धमकी दी। वहीं, जिला पंचायत सदस्य सजीत मुत्तम्बलम और साजद ने आरोप लगाया है कि एक व्हाट्सऐप पोस्ट को लेकर विधायक और प्रदीप ने उनके साथ हाथापाई की।
कांग्रेस की दलित महिला चेहरा मानी जाने वाली हरिदास को कथित तौर पर शुक्रवार रात हुई इस घटना में चोटें आई थीं और उन्होंने चिरायिनकीझु तालुक अस्पताल में उपचार कराया था।
हसन ने रविवार को जांच शुरू की और हरिदास पर हमला करने के आरोपों का सामना कर रहे सजीत और साजद के बयान दर्ज किए।
हरिदास फिलहाल नयी दिल्ली में हैं, और जांच समिति के समक्ष पेश नहीं हो सकीं।
हसन ने कहा कि उन्होंने हरिदास से फोन पर बात की है और उनके लौटने के बाद व्यक्तिगत रूप से बातचीत करेंगे।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


