कारोबारी से साढ़े आठ लाख रुपये की लूट के मामले में दिल्ली पुलिस के दो कर्मी गिरफ्तार
कारोबारी से साढ़े आठ लाख रुपये की लूट के मामले में दिल्ली पुलिस के दो कर्मी गिरफ्तार
नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में अजमल खान पार्क के निकट उत्तर प्रदेश के कारोबारी से 8.4 लाख रुपये की लूट के आरोप में दिल्ली पुलिस के दो कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इन दोनों कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि देश बंधु गुप्ता (डीबीजी) रोड थाने में तैनात आरोपी उपनिरीक्षक महावीर और कांस्टेबल विक्की को 30 मार्च को गिरफ्तार किया गया और बाद में एक अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
इसने बताया कि यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी दीपक सोनी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद की गई, जो 24 मार्च को दिल्ली आये थे।
पुलिस ने बताया, ‘‘अपनी शिकायत में सोनी ने आरोप लगाया कि यह घटना 24 मार्च को अजमल खान पार्क के निकट हुई, जहां दो पुलिसकर्मियों ने उसे रोका और उसके पास मौजूद नकदी का एक बड़ा हिस्सा छीन लिया।’’
पुलिस के अनुसार सोनी ने दावा किया कि उसके पास लगभग 10 लाख रुपये थे, जिसमें से 8.4 लाख रुपये दो कर्मियों ने ले लिये।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘शिकायत के बारे में 25 मार्च को मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय को जानकारी दी गई। आरोपों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए।’’
उन्होंने कहा कि शिकायत की गंभीरता को देखते हुए, दोनों कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और प्रारंभिक जांच शुरू की गई। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान शिकायतकर्ता के आरोप सही साबित हुए।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 309(4) (लूट), 127(1) (गलत तरीके से कैद करना) और 3(4) (सामान्य इरादा) के तहत डीबीजी रोड थाने में मामला दर्ज किया गया है।
भाषा नोमान
नोमान देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


