हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग हादसों में दो फैक्टरी कर्मचारियों की मौत

हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग हादसों में दो फैक्टरी कर्मचारियों की मौत

हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग हादसों में दो फैक्टरी कर्मचारियों की मौत
Modified Date: July 27, 2026 / 10:21 am IST
Published Date: July 27, 2026 10:21 am IST

नाहन, 27 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के काला-अंब औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्टरियों में अलग-अलग हादसों में उत्तर प्रदेश के दो श्रमिकों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, काला-अंब औद्योगिक क्षेत्र के मोगीनंद गांव स्थित ‘वुड स्टॉक लैमिनेट्स लिमिटेड’ में शनिवार शाम एक प्रवासी श्रमिक की सर्पदंश से मौत हो गई, जिसके बाद अन्य कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया।

दूसरी घटना रविवार देर शाम हुई, जिसमें काला-अंब स्थित एक लौह ढलाई इकाई में क्रेन से गिरने के कारण एक श्रमिक की मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भटपुरा जागीर गांव निवासी 43 वर्षीय बबलू को शनिवार शाम फैक्टरी परिसर में काम के दौरान जहरीले सांप ने डस लिया। उसे इलाज के लिए अंबाला के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई।

मजदूर की मौत के बाद मोगीनंद गांव स्थित फैक्टरी के कर्मचारियों ने मुआवजे की मांग को लेकर रविवार देर रात तक फैक्टरी गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को संभालने के लिए जिला प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा और नाहन के उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) राजीव सांख्यान रविवार देर शाम मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को शांत कराया।

नाहन के एसडीएम ने फैक्टरी प्रबंधन और कर्मचारियों के साथ करीब एक घंटे तक बातचीत की, जिसके बाद रविवार देर रात दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई।

उन्होंने बताया कि फैक्टरी प्रबंधन ने मृतक के परिजनों को अंतिम संस्कार के खर्च के लिए तत्काल 80,000 रुपये की नकद सहायता दी है। इसके अलावा, शव को उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित मृतक के घर पहुंचाने के लिए फैक्टरी की ओर से एक एंबुलेंस और एक अन्य वाहन की व्यवस्था भी की गई है।

एसडीएम ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) और फैक्टरी प्रबंधन की ओर से देय मुआवजे का भुगतान दो सप्ताह के भीतर कर दिया जाएगा। इसके अलावा, राज्य सरकार आपदा प्रबंधन प्रावधानों के तहत मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी देगी।

बबलू पिछले करीब 10 वर्षों से इस फैक्टरी में काम कर रहा था। उसके परिवार में पत्नी, दो छोटी बेटियां और एक बेटा हैं।

दूसरी घटना में 32 वर्षीय विश्वजीत फैक्टरी में क्रेन की मदद से एक स्थान से दूसरे स्थान तक सामान ले जा रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर गया। उसे काला-अंब के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, विश्वजीत उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के करियाबर गांव का निवासी था।

सूचना मिलने पर काला-अंब पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए नाहन स्थित डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज भिजवाया।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एन.एस. नेगी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।’’

भाषा तान्या सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में