बडगाम में अनाधिकृत वीपीएन उपयोग के मामले में दो प्राथमिकी दर्ज
बडगाम में अनाधिकृत वीपीएन उपयोग के मामले में दो प्राथमिकी दर्ज
श्रीनगर, तीन जनवरी (भाषा) जम्मू कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षा कारणों से केंद्र शासित प्रदेश में वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन) के इस्तेमाल पर रोक लगाने वाले आदेशों का पालन नहीं करने के मामले में पुलिस ने दो प्राथमिकी दर्ज की है, और 11 लोगों के खिलाफ ‘‘सुरक्षा कार्रवाई’’ शुरू की है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और डिजिटल प्लेटफॉर्म के दुरूपयोग को रोकने के लिए, जम्मू कश्मीर पुलिस ने बडगाम में वीपीएन सेवाओं के अनधिकृत इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई की है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से वीपीएन के इस्तेमाल पर रोक लगाने वाले निषेधाज्ञा जारी करने के बाद, पुलिस ने जिले में व्यवस्थित सत्यापन एवं निगरानी की।
प्रवक्ता ने बताया कि 29 दिसंबर से दो जनवरी के बीच इन आदेशों का उल्लंघन करने के आरोप में कुल 24 व्यक्तियों की पहचान की गई।
उन्होंने कहा कि निषेधाज्ञा का पालन न करने के आरोप में 18 से 40 वर्ष की आयु के 11 व्यक्तियों के खिलाफ सुरक्षा कार्यवाही शुरू की गई है।
प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 एवं 170 के तहत सभी को पकड़ा गया और बाद में उचित चेतावनी देने के बाद छोड़ दिया गया।
भाषा तान्या रंजन
रंजन

Facebook


