असम में दिल्ली जा रही ट्रेन से दो लड़कियों को बचाया गया, तीन संदिग्ध तस्कर गिरफ्तार
असम में दिल्ली जा रही ट्रेन से दो लड़कियों को बचाया गया, तीन संदिग्ध तस्कर गिरफ्तार
दीफू, 19 मई (भाषा) असम के बोंगाईगांव जिले में दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन से दो लड़कियों को बचाया गया और तीन संदिग्ध मानव तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दीफू की रहने वाली दोनों लड़कियों को गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के साथ सोमवार रात को वापस लाया गया।
पुलिस ने कहा कि दीफू के एक सरकारी स्कूल में कक्षा 10 और 12 की छात्राएं पिछले सप्ताह स्कूल से घर नहीं लौटी थीं, जिसके बाद परिजनों ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
अधिकारियों ने बताया कि असम पुलिस और सरकारी रेलवे पुलिस के समन्वित अभियान के दौरान बोंगाईगांव में ट्रेन से लड़कियों को बचाया गया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवकों की उम्र 18 से 19 वर्ष के बीच है और वे बिहार और दिल्ली के रहने वाले हैं। उन्होंने कथित तौर पर सोशल मीडिया के माध्यम से लड़कियों से दोस्ती की थी और उन्हें नौकरी दिलाने का वादा करके राष्ट्रीय राजधानी ले जा रहे थे।
एक अधिकारी ने कहा, “हमें मानव तस्करी गिरोह की संलिप्तता का संदेह है। गिरफ्तार किए गए तीनों व्यक्तियों को कल रात दीफू लाया गया था। पूछताछ के बाद और अधिक जानकारी सामने आएगी।”
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा

Facebook


