तमिलनाडु में अलग-अलग घटनाओं में दो बच्चियों का यौन उत्पीड़न, दो आरोपी गिरफ्तार

तमिलनाडु में अलग-अलग घटनाओं में दो बच्चियों का यौन उत्पीड़न, दो आरोपी गिरफ्तार

तमिलनाडु में अलग-अलग घटनाओं में दो बच्चियों का यौन उत्पीड़न, दो आरोपी गिरफ्तार
Modified Date: June 2, 2026 / 04:00 pm IST
Published Date: June 2, 2026 4:00 pm IST

नमक्कल, दो जून (भाषा) तमिलनाडु के नमक्कल जिले के कुमारपालयम में अलग-अलग घटनाओं में दो नाबालिगों का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया, जिसके बाद उनके परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने के सामने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि दोनों अलग-अलग घटनाओं के संबंध में यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

इन घटनाओं से लोगों में व्यापक आक्रोश फैल गया और उन्होंने एक जून को स्थानीय थाने के बाहर प्रदर्शन किया तथा पुलिस से संदिग्ध को उनके हवाले करने की मांग की।

पल्लीपलायम-सलेम रोड पर अवरोधक लगा दिए गए जिससे इलाके में यातायात बाधित हो गया। जब पुलिस 59 वर्षीय संदिग्ध को थाने ले जा रही थी तब भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने उस पर हमला करने का प्रयास किया।

नमक्कल के जिलाधिकारी एल मधुबालन और पुलिस अधीक्षक (एसपी) एस विमला ने भीड़ को शांत किया तथा आरोपी के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारी बाद में वहां से हट गए और पुलिस आरोपी को स्थानीय अदालत ले गई।

रविवार शाम को अपने घर के पास खेल रही तीन वर्षीय बच्ची का उसके पड़ोस में रहने वाले 59 वर्षीय व्यक्ति ने कथित तौर पर उत्पीड़न किया। बच्ची के माता-पिता की शिकायत के बाद कुमारपालयम पुलिस ने एक जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि इस घटना के कुछ घंटे बाद 62 वर्षीय स्थानीय दिहाड़ी मजदूर ने आइसक्रीम का लालच देकर 12 वर्षीय बच्ची का कथित तौर पर उत्पीड़न किया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई की जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।

दोनों बच्चियों का कुमारपालयम अस्पताल में इलाज हो रहा है और उनकी हालत स्थिर है। पुलिस ने बताया कि मामले में जांच जारी है।

भाषा सुरभि अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में