नोएडा (उप्र), 31 अगस्त (भाषा) नोएडा के दादरी थानाक्षेत्र में बलात्कार की दो कथित घटनाएं सामने आयी हैं। दादरी के थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि एक महिला ने बीती रात को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मनोज कृष्ण शास्त्री 30 अगस्त को उसके घर में आया और उसने उसके साथ जबरन बलात्कार किया।
उन्होंने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आज आरोपी मनोज कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की मनोज से पुरानी जान पहचान थी।
एक अन्य वारदात में एक किशोरी को कथित रूप से अगवा कर उसके साथ बलात्कार किया गया।
उपाध्याय ने बताया कि 24 अगस्त को एक व्यक्ति ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुजान उसकी बहन को बहला-फुसलाकर अगवा कर ले गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने किशोरी को बरामद कर उसका डाक्टरी परीक्षण करवाया , परीक्षण में यह बात सामने आई कि आरोपी ने उसके साथ बलात्कार किया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को किशोरी को अगवा करने और बलात्कार करने की धारा में गिरफ्तार कर लिया है।
भाषा सं राजकुमार