गुजरात तट से दो ईरानी नागरिकों को 200 किलोग्राम से अधिक रासायनिक पदार्थ के साथ पकड़ा गया
गुजरात तट से दो ईरानी नागरिकों को 200 किलोग्राम से अधिक रासायनिक पदार्थ के साथ पकड़ा गया
अहमदाबाद, 17 फरवरी (भाषा) गुजरात आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) और तटरक्षक बल ने दो ईरानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने कथित तौर पर स्पीडबोट के जरिए भारतीय समुद्री क्षेत्र में घुसकर 200 किलोग्राम से अधिक संदिग्ध रासायनिक पदार्थ की तस्करी करने की कोशिश की।
एटीएस के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) सुनील जोशी ने बताया कि संयुक्त अभियान में दोनों एजेंसियों ने सोमवार रात पोरबंदर तट से लगभग 140 समुद्री मील दूर एक ईरानी स्पीडबोट को रोका, जिसमें सफेद पाउडर की 203 थैलियां थी।
उन्होंने कहा कि थैलियां बरामद कर ली गयी हैं और पदार्थ को जांच के लिए फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने बताया कि प्राथमिक जांच में इस रसायन की पहचान नहीं हो सकी।
जोशी ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों ईरान से स्पीडबोट से आए थे। उन्होंने कहा, ‘इतनी दूर स्पीडबोट से यात्रा करना बेहद साहसिक कदम है। हमारी जानकारी के अनुसार, ये थैलियां पंजाब के किसी व्यक्ति को दी जानी थी और इस संबंध में जांच की जा रही है।’
अधिकारी ने बताया कि एटीएस को सूचना मिली थी कि ईरानी नशीले पदार्थों के तस्कर हाजी फिदा ने ईरान के कोनारक बंदरगाह से संदिग्ध रासायनिक पदार्थ की खेप भेजी है, जिसे समुद्र के बीच में एक भारतीय जहाज को सौंपना था। उन्होंने बताया कि उस पदार्थ को पंजाब ले जाना था।
उन्होंने बताया कि आरोपी अब्दुल मजीद और अब्दुल सत्तार ईरान के चाबहार के निवासी हैं।
डीआईजी ने बताया कि ईरान जैसे दूर देश से स्पीडबोट पर यात्रा करना दुर्लभ है और पिछले चार साल में ऐसे केवल दो मामले सामने आए हैं।
उन्होंने कहा, ‘ईरानी तस्करों ने एक नया तरीका अपनाया है, क्योंकि स्पीडबोट के तटरक्षक जहाजों से बचने की संभावना अधिक होती है।’
जोशी ने बताया कि आरोपियों से दो फोन बरामद हुए हैं और जांच एजेंसी को उम्मीद है कि इन फोनों के डेटा से और जानकारी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ईरानियों से पूछताछ में भाषा बाधक बन रही है।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश

Facebook


