टेम्पो वैन और लॉरी के बीच टक्कर में दो लोगों की मौत, 20 घायल
टेम्पो वैन और लॉरी के बीच टक्कर में दो लोगों की मौत, 20 घायल
मलप्पुरम, छह जून (भाषा) केरल के मलप्पुरम जिले में शुक्रवार देर रात एक टेम्पो वैन और लॉरी के बीच हुई टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई तथा 20 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान टेम्पो वैन चालक राजू (38) और यात्री रेमणी (65) के रूप में हुई है। दोनों पलक्कड़ के निवासी थे।
कोंडोटी थाने के अधिकारियों ने बताया कि वैन में करीब 25 यात्री सवार थे। वे सभी एक तीर्थयात्रा से लौट रहे थे।
उन्होंने बताया कि यह हादसा कोझिकोड–पलक्कड़ राज्य राजमार्ग पर पुल्लिक्कल, पेरियांबलम के पास देर रात 12.30 बजे हुआ।
पुलिस ने बताया कि टेम्पो वैन की लॉरी से टक्कर होने के दौरान इलाके में भारी बारिश हो रही थी।
उसने बताया कि घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस ने बताया कि घायलों को मलप्पुरम और कोझिकोड जिलों के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राजू और रेमणी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मृत्यु हो गई।
अधिकारियों के अनुसार, टेम्पो वैन के कम से कम 16 यात्रियों को कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है।
वहीं, लॉरी चालक और वाहन में सवार तीन अन्य लोगों को कोंडोटी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोंडोटी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


