दिल्ली में तेज रफ्तार डीटीसी बस ने कई वाहनों को टक्कर मारी, दो लोगों की मौत
दिल्ली में तेज रफ्तार डीटीसी बस ने कई वाहनों को टक्कर मारी, दो लोगों की मौत
नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) दिल्ली के निहाल विहार में सोमवार को एक तेज रफ्तार डीटीसी बस ने कई वाहनों को टक्कर मार दी जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस घटना के बाद विरोध प्रदर्शन हुए, जिसके दौरान गुस्साई भीड़ ने संबंधित बस में तोड़फोड़ की और एक अन्य डीटीसी बस में आग लगा दी। पुलिस ने यह भी बताया कि चालक को पकड़ लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि सुबह 9:45 बजे एक कॉल आई जिसमें बताया गया कि नजफगढ़ की तरफ से आ रही एक डीटीसी बस ने नजफगढ़-नांगलोई रोड पर एक स्कूटर, एक मोटरसाइकिल, एक रिक्शा और कुछ पैदल यात्रियों को टक्कर मारी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘अभी तक यह पुष्टि हो चुकी है कि इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है तथा एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसे निहाल विहार के मनसा राम अस्पताल ले जाया गया है।’
अधिकारी ने बताया कि घटना के तुरंत बाद करीब 500 लोग घटनास्थल पर इकट्ठे हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने दुर्घटना में शामिल बस को क्षतिग्रस्त कर दिया और नांगलोई की तरफ से आ रही एक अन्य डीटीसी बस को आग लगा दी।
डीटीसी अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल के पास खड़ी पांच अन्य बसों को भी मामूली नुकसान पहुंचा है।
पुलिस ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में कथित तौर पर एक डीटीसी बस आग की लपटों में घिरी हुई दिखाई दे रही है, जबकि आसपास के लोग अपने मोबाइल फोन पर इस दृश्य को रिकॉर्ड कर रहे हैं और पृष्ठभूमि में पुलिस सायरन की आवाज सुनाई दे रही है।
सूत्रों के अनुसार, जिस बस में आग लगाई गई थी उसमें करीब छह यात्री सवार थे, लेकिन आग लगाने से पहले ही उन्हें बस से उतरने के लिए कहा गया था।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 10 बजे एक बस में आग लगने की सूचना मिली। डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया, ‘एक बस आग की लपटों में घिरी हुई थी और कुछ अन्य वाहनों की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं। पूर्वाह्न 11 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।’
भाषा
शुभम नरेश
नरेश

Facebook


