ओडिशा के गंजाम में तेंदुए की दो खाल बरामद, दो लोग गिरफ्तार

ओडिशा के गंजाम में तेंदुए की दो खाल बरामद, दो लोग गिरफ्तार

ओडिशा के गंजाम में तेंदुए की दो खाल बरामद, दो लोग गिरफ्तार
Modified Date: June 7, 2026 / 10:21 pm IST
Published Date: June 7, 2026 10:21 pm IST

बरहमपुर (ओडिशा), सात जून (भाषा) ओडिशा के गंजाम जिले में तेंदुए की खाल और विस्फोटक सामग्री रखने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

गजपति जिले के केसब जमादार (34) और गंजाम जिले के बीरा जमादार (45) नामक आरोपियों को जरादा पुलिस थाना क्षेत्र के ऊपरी बुरुताल इलाके में छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किया गया।

बरहामपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरवाना विवेक एम ने बताया कि तेंदुए की खाल की कथित तस्करी की सूचना मिलने पर पुलिस दल ने छापेमारी की।

उन्होंने बताया, “जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो दो व्यक्ति पास के जंगल की ओर भागते हुए दिखाई दिए। पीछा करने के दौरान, उन्होंने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश की।”

एसपी के अनुसार, आरोपियों में से एक ने तलवार दिखाकर पुलिस टीम को धमकाने की कोशिश की।

उन्होंने बताया, “काफी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को पकड़ा गया।”

पुलिस ने उनके कब्जे से तेंदुए की खाल, दो बम और एक तलवार बरामद की।

पुलिस ने बताया कि आरोपी तेंदुए की खाल, हथियार या विस्फोटक सामग्री रखने का कोई लाइसेंस या अनुमति पत्र पेश नहीं कर सके।

पुलिस के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि तेंदुए की खाल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

इससे पहले 16 मई को इसी इलाके से तेंदुए की खाल रखने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था और एक खाल जब्त की गई थी।

भाषा

राखी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में