केदारनाथ में जेबकतरी, चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

केदारनाथ में जेबकतरी, चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

केदारनाथ में जेबकतरी, चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
Modified Date: April 26, 2026 / 07:17 pm IST
Published Date: April 26, 2026 7:17 pm IST

रुद्रप्रयाग, 26 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के केदारनाथ में भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरी और चोरी करने वाले एक गिरोह के भंडाफोड़ का दावा करते हुए पुलिस ने उसके दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उसने बताया कि आरोपियों के पास से श्रद्धालुओं के कई पर्स, नकदी, हैंडबैग तथा दस्तावेज बरामद किए गए हैं ।

पुलिस ने बताया कि केदारनाथ में पुलिसकर्मियों को शनिवार को घोड़ापड़ाव क्षेत्र में खड़े दो व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत हुए जिन्हें पकड़े जाने पर खुलासा हुआ कि वे यात्रियों का सामान चोरी करने की फिराक में थे।

पुलिस ने बताया कि दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया जिनकी पहचान पंजाब के लुधियाना के रहने वाले राजन कुमार और सन्नी कुमार के रूप में हुई है ।

पुलिस के अनुसार दोनों के कब्जे से विभिन्न तीर्थयात्रियों के आधार कार्ड और एटीएम कार्ड, गुजरात के श्रद्धालुओं के ड्राइविंग लाइसेंस और मतदाता पहचान पत्र, अनेक पर्स और हैंडबैग तथा कुल 5,450 रुपये की नकदी बरामद की गयी है ।

दोनों आरोपियों के खिलाफ सोनप्रयाग थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है ।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते हैं और भीड़भाड़ वाले स्थानों या मंदिरों में दर्शन की लाइनों में यात्रियों के पीछे खड़े हो जाते हैं एवं उनके बैग या जेब से कीमती सामान निकाल लेते हैं ।

पुलिस का कहना है कि इस बीच, गिरोह के अन्य सदस्य चोरी का सामान लेकर तुरंत मौके से निकल जाते हैं ।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से सन्नी कुमार का हाथ टूटा हुआ है जिससे उस पर किसी को कोई शक नहीं होता था ।

भाषा सं दीप्ति

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में