बिहार चुनाव के नतीजों को लेकर विवाद में रिश्तेदार की हत्या, दो लोगों को उम्रकैद
बिहार चुनाव के नतीजों को लेकर विवाद में रिश्तेदार की हत्या, दो लोगों को उम्रकैद
गुना, 19 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के गुना जिले की एक अदालत ने पिछले वर्ष बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर हुए विवाद के बाद अपने रिश्तेदार की हत्या करने के मामले में दो व्यक्तियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमिताभ मिश्रा ने शनिवार को राजेश मांझी (25) और तूफानी मांझी (27) को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के संबंधित प्रावधानों के तहत दोषी ठहराया। अदालत ने दोनों पर 1,000-1,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया। मामले की सुनवाई करीब पांच महीने में पूरी हो गई।
यह घटना 16 नवंबर को कैंट क्षेत्र में हुई थी, जहां आरोपी और पीड़ित शंकर मांझी एक निर्माण स्थल पर काम कर रहे थे। तीनों कुछ दिन पहले ही काम के सिलसिले में गुना आए थे।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, घटना वाली रात भोजन के बाद तीनों ने शराब पी थी, जिसके बाद बिहार चुनाव परिणाम को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
पुलिस के अनुसार राजेश और तूफानी ने शंकर मांझी का चेहरा जबरन कीचड़ में दबा दिया, जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी जनता दल (यूनाइटेड) के समर्थक थे, जबकि मृतक राष्ट्रीय जनता दल का समर्थक था। एक राजनीतिक नेता को लेकर की गई टिप्पणी के बाद विवाद और बढ़ गया था।
कैंट थाना पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया और 40 दिनों के भीतर आरोपपत्र दाखिल कर दिया।
मुकदमे के दौरान कई गवाह मुकर गए, लेकिन डीएनए साक्ष्य निर्णायक साबित हुआ। पुलिस के अनुसार, मृतक की त्वचा के निशान आरोपियों के नाखूनों के नीचे पाए गए, जिनका फॉरेंसिक परीक्षण में मिलान हो गया।
भाषा
सं, ब्रजेन्द्र रवि कांत

Facebook


