तिरुवनंतपुरम, 24 जुलाई (भाषा) सहपाठी छात्राओं की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर उन्हें ‘इंस्टाग्राम’ पर प्रसारित करने के आरोपी एक एमबीबीएस छात्र के खिलाफ दो और मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
मेडिकल कॉलेज थाने के एक अधिकारी ने बताया कि वायनाड निवासी आरोपी छात्र के खिलाफ अब तक कुल पांच मामले दर्ज हो चुके हैं।
अधिकारी ने कहा, ‘‘इन सभी पांच मामलों में उसकी गिरफ्तारी दर्ज कर ली गई है। वह फिलहाल हमारी हिरासत में है और उसे अदालत में पेश किया जाएगा।’’
उन्होंने बताया कि पांचों प्राथमिकियां उन पांच छात्राओं की शिकायतों पर दर्ज की गई हैं, जिनके बयान लिए गए हैं।
अधिकारी के अनुसार, अब और छात्राएं भी शिकायत लेकर सामने आ रही हैं और उनके बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
सरकारी मेडिकल कॉलेज के छात्रों ने जांच में देरी का आरोप लगाते हुए बुधवार को मेडिकल कॉलेज थाने के सामने प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ और मामले दर्ज करने शुरू किए।
आरोपी एबेल को अपनी सहपाठी छात्राओं की छेड़छाड़ की गई तस्वीरें प्रसारित करने के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, अदालत में पेश किए जाने के बाद उसे जमानत मिल गई थी।
पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ शिकायतों की संख्या बढ़ने के बाद उसे फिर से हिरासत में लिया गया और पांचों मामलों में उसकी गिरफ्तारी दर्ज की गई।
अधिकारी ने कहा कि यह पता लगाने के लिए आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है कि उसने और किन लोगों को निशाना बनाया तथा छेड़छाड़ की गई तस्वीरें कहां-कहां प्रसारित कीं। जांच के तहत उसके सभी सोशल मीडिया खातों की भी पड़ताल की जा रही है।
भाषा मनीषा सिम्मी
सिम्मी